Bihar Liquor Smuggling: बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर शराब की सप्लाई के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. गोपालगंज में तस्करों ने विदेशी शराब की बड़ी खेप को केले के नीचे छिपाकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन उत्पाद विभाग की टीम ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया. मांझा थाना क्षेत्र के कोईनी मोड़ के पास छापेमारी कर टीम ने केले से लदी पिकअप से करीब 794 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. इस दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है. जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है.
दरअसल, शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग की टीम जिले में लगातार जांच अभियान चला रही है. इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर मांझा थाना क्षेत्र के कोईनी मोड़ के पास एक संदिग्ध पिकअप को रोका गया. बाहर से देखने पर गाड़ी में केले लदे हुए थे, लेकिन तलाशी के दौरान केले के नीचे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप सामने आ गई.
टीम ने मौके से करीब 794 लीटर विदेशी शराब जब्त की और पिकअप सवार एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी सीवान जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. उत्पाद विभाग अब उससे पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और उसकी डिलीवरी कहां की जानी थी, इसकी जानकारी जुटा रहा है.
उत्पाद विभाग की टीम ने जिले के अलग-अलग चेकपोस्ट पर भी जांच अभियान चलाया. उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा के अनुसार, भिंगरी समेत एक अन्य चेकपोस्ट पर की गई कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इस दौरान दो मोटरसाइकिल जब्त करने के साथ 26.8 लीटर देसी शराब भी बरामद की गई.
फिलहाल विभाग गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर रहा है. पुलिस और उत्पाद विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि शराब कहां से लाई गई थी और गोपालगंज में किसे इसकी सप्लाई दी जानी थी. मामले में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.





