BEGUSARAI: लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर बेगूसराय जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को उत्पाद विभाग की टीम ने लोहियानगर नगर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देशी शराब निर्माण के कई अड्डों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान करीब 100 लीटर देशी चुलाई शराब और 200 किलोग्राम अवैध जावा महुआ बरामद किया गया। वहीं, शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली चार भट्ठियों और अन्य उपकरणों को भी नष्ट कर दिया गया।
जिला पदाधिकारी रिची पांडेय के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक सुमन कुमार सिंह के नेतृत्व में यह विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। उत्पाद विभाग की टीम ने एनएच के नीचे स्थित झोपड़बस्ती और बस पड़ाव के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान उत्पाद अधीक्षक सुमन कुमार सिंह खुद हाथ में डंडा लेकर कार्रवाई के लिए मैदान में उतरे और टीम के साथ अवैध शराब के ठिकानों पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान एनएच किनारे स्थित झोपड़बस्ती में अवैध रूप से संचालित देशी शराब निर्माण के कई छोटे-बड़े अड्डे मिले। टीम ने मौके पर ही शराब बनाने की भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही करीब 100 लीटर तैयार देशी चुलाई शराब और लगभग 200 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया। शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को भी नष्ट कर दिया गया, ताकि दोबारा वहां अवैध कारोबार शुरू नहीं हो सके।
वहीं, बस पड़ाव के निकट भी उत्पाद विभाग की टीम ने सघन छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान देशी चुलाई शराब के साथ विदेशी शराब भी जब्त की गई। जब्त शराब के मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छठ तक जारी रहेगा विशेष अभियान
उत्पाद अधीक्षक सुमन कुमार सिंह ने बताया कि छठ महापर्व के मद्देनजर जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था और जनसुरक्षा बनाए रखने के साथ अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री एवं सेवन पर प्रभावी रोक लगाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जिले के अलग-अलग इलाकों में लगातार छापेमारी की जाएगी।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है। छठ पर्व को लेकर विभाग की सक्रियता से साफ है कि प्रशासन इस बार अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से लगाम लगाने की तैयारी में है।





