Bihar Liquor Smuggling: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद तस्कर नए-नए तरीकों से शराब की खेप एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में जुटे हैं. इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है.
गायघाट थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 630 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. शराब को घरेलू सामान की आड़ में छिपाकर ले जाया जा रहा था. पुलिस ने मौके से तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने पिकअप वाहन संख्या PB 08 FS 0728 को रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान घरेलू सामान के बीच छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई.
पुलिस ने मौके से रायबरेली, उत्तर प्रदेश निवासी 30 वर्षीय शुभम तिवारी, मुजफ्फरपुर के बोचहां निवासी 22 वर्षीय सोनू कुमार और समस्तीपुर के रोसड़ा निवासी 28 वर्षीय पिंकू महतो को गिरफ्तार किया है.
पिकअप से रॉयल स्टैग व्हिस्की के कुल 70 कार्टन बरामद किए गए हैं. इनमें 375 एमएल की 24 बोतलों वाले 15 कार्टन शामिल हैं, जिनमें कुल 135 लीटर शराब थी. इसके अलावा 750 एमएल की 12 बोतलों वाले 55 कार्टन बरामद किए गए, जिनमें कुल 495 लीटर शराब थी.
पुलिस ने बरामद शराब और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है. गिरफ्तार तीनों आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटा रही है.





