मुजफ्फरपुर शहर के कंपनी बाग रोड स्थित बड़ी कर्बला रोड में मसाज पार्लर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है. शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने मसाज पार्लर में छापेमारी की. इस दौरान संचालिका समेत छह महिलाओं को हिरासत में लिया गया. मौके से छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, मसाज पार्लर की आड़ में ग्राहकों से व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया जाता था और उसी के माध्यम से डील तय होने की बात सामने आई है. पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन की जांच कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
एसएसपी के निर्देश पर हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर कार्रवाई की गई. मामले की सूचना मिलने के बाद डीआईयू, महिला थाना और नगर थाना की पुलिस की संयुक्त टीम ने मसाज पार्लर की घेराबंदी की और छापेमारी की.
पुलिस के पहुंचते ही मौके पर हड़कंप मच गया. कार्रवाई के दौरान एक महिला संचालक समेत छह महिलाओं को हिरासत में लिया गया. सभी महिलाओं से पुलिस पूछताछ कर रही है.
व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मसाज पार्लर में ग्राहकों से संपर्क करने के लिए व्हाट्सएप का इस्तेमाल किया जाता था. पुलिस के अनुसार, व्हाट्सएप ग्रुप और चैट के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर डील तय की जाती थी.
हिरासत में ली गई महिलाओं में अधिकांश मुजफ्फरपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों की रहने वाली बताई जा रही हैं. पुलिस के अनुसार, इनमें अधिकांश की उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच है.
मसाज पार्लर सील, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
छापेमारी के बाद पुलिस ने संबंधित मसाज पार्लर को सील कर दिया. घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया.
पुलिस ने मौके से जब्त किए गए छह मोबाइल फोन को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है. मोबाइल में मौजूद कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जाएगी.
फिलहाल हिरासत में ली गई सभी महिलाओं से नगर थाने में पूछताछ की जा रही है. पुलिस इस पूरे मामले में देह व्यापार के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.





