MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले से प्रेम, विश्वास और धोखे से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित मेडिकल कॉलेज गेट के पास आर.एस. होटल एंड रेसीडेंसी में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने खुद पुलिस को फोन कर मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित बाहर निकालते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।
शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप
जानकारी के अनुसार, सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र निवासी आरोपी सुजीत कुमार और अहियापुर की रहने वाली युवती पिछले करीब ढाई साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। पीड़िता का आरोप है कि सुजीत ने शादी का वादा कर उसे प्रेम जाल में फंसाया और लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
बुधवार रात आरोपी ने युवती को मिलने के बहाने बुलाया और उसे आर.एस. होटल लेकर पहुंचा। होटल के रजिस्टर में उसने युवती को अपनी पत्नी बताते हुए कमरा बुक कराया। युवती का आरोप है कि कमरे में उसके साथ जबरदस्ती की गई और विरोध करने पर प्रताड़ित किया गया। खुद को संकट में देख युवती ने गुप्त रूप से पुलिस को फोन कर मदद मांगी।
पुलिस ने होटल में की छापेमारी
सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस ने तत्काल होटल में छापेमारी की। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर युवती को रेस्क्यू किया और मौके से आरोपी सुजीत कुमार को हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रात में ही कमरे को सील कर दिया, ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो सके।
FSL टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
गुरुवार को पुलिस फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम के साथ दोबारा होटल पहुंची। पीड़िता को भी पहचान और घटनास्थल की पुष्टि के लिए साथ लाया गया। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से कई अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच और कोर्ट में सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा।
होटल प्रबंधन को पुलिस की फटकार
घटना के बाद पुलिस ने होटल प्रबंधन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। होटल मालिक को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा गया कि किसी भी प्रेमी जोड़े को कमरा देने से पहले उनकी पहचान और दस्तावेजों की पूरी जांच जरूरी है। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध स्थिति होने पर तत्काल सूचना देना होटल संचालकों की जिम्मेदारी है।
क्या बोले अधिकारी?
नगर एसडीपीओ विनीत सिंह ने बताया कि युवती की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।





