Bihar News: बिहार में राजस्व न्यायालयों से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए अब लोगों को बार-बार कार्यालयों और अदालतों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सोमवार से राज्य के सभी 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था लागू हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में इस नई व्यवस्था का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब लोग डिजिटल माध्यम से अपने राजस्व मामलों की सुनवाई में शामिल हो सकेंगे। इससे राजस्व न्यायालयों की कार्यवाही अधिक सुगम, पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी बनेगी। नई व्यवस्था से आम लोगों का समय और संसाधन दोनों बचेंगे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राजस्व से जुड़े करोड़ों मामले लंबित रहते हैं। वर्चुअल सुनवाई की शुरुआत से इन मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी और न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ भी कम होगा। उन्होंने कहा कि यह पहल सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विशेष रूप से गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को राहत मिलेगी तथा उन्हें आसानी से न्याय मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत राजस्व न्यायालयों में होने वाली सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन उपलब्ध रहेगा। इससे सुनवाई की गुणवत्ता में सुधार होगा और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी। उन्होंने पारित आदेशों की जांच, उनकी गुणवत्ता और प्रभाव की निगरानी के लिए एक विशेष सेल गठित करने का निर्देश भी दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुनवाई की तारीख और समय की जानकारी संबंधित पक्षकारों तक एसएमएस के माध्यम से पहुंचाने के साथ-साथ अतिरिक्त वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
इसके लिए कॉल सेंटर के माध्यम से भी लोगों को सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने को कहा गया, ताकि किसी भी व्यक्ति को सुनवाई की तारीख और समय की जानकारी प्राप्त करने में परेशानी न हो। कार्यक्रम के दौरान राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली से संबंधित एक वीडियो फिल्म दिखाई गई। वहीं, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने नई व्यवस्था को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, राजस्व सचिव जय सिंह, सीमा त्रिपाठी, अपर सचिव अमित कुमार पाण्डेय और भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशक सुहर्ष भगत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी और राजस्व न्यायालयों से जुड़े पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।





