Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में पूजा-अर्चना के दौरान बड़ा हादसा हो गया. मिठनसराय स्थित ब्रह्मस्थान परिसर में अचानक पीपल के पेड़ की भारी डाली टूटकर श्रद्धालुओं पर गिर गई. हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार, ब्रह्मस्थान में धार्मिक अनुष्ठान और पूजा चल रही थी. इसी दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां मौजूद थे. तभी अचानक पीपल के पेड़ की मोटी डाली टूटकर नीचे गिर गई. डाली की चपेट में आने से कई लोग दब गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों ने पेड़ की डाली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई.
हादसे में घायल सभी छह लोगों को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवारों के घर पहुंच रहे हैं.





