Bihar Crime News: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस बनाने वाले नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया. छापेमारी के दौरान 500 से अधिक तैयार और अधबने कारतूस बरामद किए गए. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस धंधे से जुड़े कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चकिया थाना क्षेत्र के ओझा टोला में अवैध तरीके से कारतूस बनाने का काम चल रहा है. सूचना मिलते ही एसडीपीओ चकिया और पकड़ीदयाल के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई. इसके बाद मेहसी, चकिया, मधुबन, गड़हिया, फेनहारा थाना पुलिस और डीआईयू की टीम ने संयुक्त रूप से कई जगहों पर छापेमारी की.
कार्रवाई के दौरान चकिया के ओझा टोला के अलावा मेहसी, मधुबन, गड़हिया और फेनहारा थाना क्षेत्र के मड़पा में भी तलाशी ली गई. इस दौरान पुलिस ने कारतूस बनाने की मशीन, बड़ी मात्रा में तैयार और अधबने कारतूस, मेटल शीट, गन पाउडर और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई सामान बरामद किए. इसके अलावा नाइट्रिक एसिड, रेड फॉस्फोरस, एसीटोन और चारकोल जैसे केमिकल भी जब्त किए गए.
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी अवैध रूप से कारतूस तैयार कर अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करते थे. इस नेटवर्क से जुड़े कुछ और लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का मानना है कि इस पूरे गिरोह का नेटवर्क कई जिलों तक फैला हो सकता है और इसकी जांच जारी है.
एसपी स्वर्ण प्रभात ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए छापेमारी में शामिल पूरी टीम की सराहना की है. उन्होंने टीम के लिए 25 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
पूर्वी चम्पारण से सोहराब आलम की रिपोर्ट





