1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 11, 2026, 8:04:17 PM
बिहार में नहीं चलेगा अवैध खनन - फ़ोटो सोशल मीडिया
KISHANGANJ: बिहार में अवैध खनन के खिलाफ अभियान के तहत किशनगंज जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। गुप्त सूचना के आधार पर खान एवं भूतत्व विभाग की टीम ने जिला प्रशासन के सहयोग से सघन छापेमारी की, जिसमें अवैध खनन और परिवहन में लगे कई वाहन जब्त किए गए।
मिली जानकारी के अनुसार 28 फरवरी 2026 को तड़के करीब 3 बजे कोचाधामन प्रखंड के महानंदा नदी क्षेत्र तथा किशनगंज प्रखंड के बेलवा मौजा में छापेमारी की गई। इस दौरान 4 पोकलेन, 6 हाईवा और 3 ट्रैक्टर को धूस मिट्टी के अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर जब्त किया गया। इस मामले में दो प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। जब्त किए गए वाहनों पर कुल 118.85 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं खान एवं भूतत्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा के कुशल प्रबंधन एवं नियमित अनुश्रवण के फलस्वरूप खान एवं भूतत्व विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में वित्त विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य 3850.00 करोड़ रूपये के विरुद्ध माह फरवरी तक 2711.80 करोड़ रुपये (70.12 प्रतिशत) का राजस्व प्राप्त किया गया है, जो गत वित्तीय वर्ष में फरवरी 2025 तक प्राप्त समाहरण की तुलना में 106.00 करोड़ रू0 अधिक है। विभाग राजस्व लक्ष्य की शत प्रतिशत प्राप्ति के लिए दृढ संकल्पित है।
अप्रैल, 2025 से फरवरी, 2026 तक अवैध खनन एवं परिवहन के विरूद्ध राज्य में 45,498 छापेमारी, 2464 प्राथमिकी, 652 गिरफ्तारी एवं 5458 वाहनों की जब्त कर 72.48 करोड़ रू0 की वसूली की गयी है। माह अक्टूबर, 2024 में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरूद्ध नियमावली में कड़े दण्डात्मक प्रावधान किये गये है, जिसके कारण अवैध खनन एवं ओभर लोडिंग में अत्याधिक कमी आयी है।
किशनगंज जिले में अवैध खनन की गुप्त सूचना प्राप्त होने पर विभागीय जाँच दल द्वारा जिला प्रशासन किशनगंज के सहयोग से दिनांक - 28.02.2026 को तडके 03:00 बजे से कोचा धामन प्रखण्ड अन्तर्गत महानन्दा नदी तथा किशनगंज प्रखंड अन्तर्गत बेलवा मौजा अन्तर्गत विभिन्न स्थलों पर छापेमारी किया गया। छापेमारी में 04 पोकलेन, 06 हाईवा, 03 ट्रैक्टर को धूस मिट्टी का अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त होने के कारण जप्त कर कुल - 02 प्राथमिकी दर्ज किया गया। जप्त किये गये वाहनों के विरूद्ध कुल - 118.85 लाख रू0 का दंड अधिरोपित किया गया है।
विभागीय जाँच दल द्वारा किशनगंज जिलान्तर्गत अनुमोदित जिला सर्वेक्षण प्रतिवेदन (DSR) में सृजित एवं संचालित कुल - 04 उजले बालू घाट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में 02 बालूघाट में EC क्षेत्र से बाहर खनन करने एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं पाये जाने पर संबंधित बालूघाट के बंदोबस्तधारी पर कुल - 25.81 लाख रू0 का दंड अधिरोपित किया गया। इस प्रकार जाँच दल द्वारा छापेमारी में कुल - 144.66 लाख रू0 का दंड अधिरोपित किया गया।
अवैध खनन की सूचना देने वाले बिहारी खनन योद्धाओं को दिये जाने वाले पुरस्कार की योजना से अवैध खनन एवं परिवहन के विरूद्ध कठोर कार्रवाई में मदद मिली है। राज्य सरकार की यह योजना आगे भी जारी रहेगी। बिहार राज्य के विभिन्न जिलों में अनुमोदित जिला सर्वेक्षण प्रतिवेदन (DSR) में चिन्हित बालूघाटों का समाहर्ता द्वारा नीलामी कराया जा रहा है, जिसमें अब तक 469 बालूघाटों की नीलामी सफर करायी जा चुकी है। बालू घाटों की नीलामी कराये जाने से अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण, राजस्व संग्रहण में वृद्धि तथा रोजगार के अधिक अवसरों का सृजन संभव हो सकेगा।