JAMUI: जमुई जिला के मलयपुर थाना क्षेत्र के बगीचा कटौना स्थित मोबाइल टावर से तार चोरी करने और उसमें लगी बैटरी खोलने का प्रयास कर रहे एक युवक को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो अन्य सहयोगी मौके से फरार होने में सफल रहे। घटना शनिवार की अहले सुबह की है। ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, टावर की जमीन के मालिक हरिलाल रावत शनिवार की सुबह पूजा-अर्चना के लिए टावर के बगल में फूल तोड़ने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर टावर के पास मौजूद एक युवक पर पड़ी। युवक टावर का तार काटकर समेट रहा था और वहां लगी बैटरी खोलने का भी प्रयास कर रहा था। यह देखते ही हरिलाल रावत ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया। जबकि उसके दो अन्य साथी भाग निकले।
पकड़े गए आरोपित की पहचान मोहम्मद शमीम उर्फ खालिद (करीब 30 वर्ष), पिता स्व. इलाहीद, के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र का निवासी बताया जाता है। वर्तमान में वह जमुई सदर थाना क्षेत्र के नीमा भछियार स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपित दिन में टोटो चलाता था और रात के समय चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। तलाशी के दौरान उसके पास से तार काटने और टावर की बैटरी खोलने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए गए।
घटना की सूचना मिलते ही मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सौरभ ने एसआई सुनील कुमार को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर बरामद उपकरण जब्त कर लिए। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फरार दोनों सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और उनकी तलाश की जा रही है।





