BHAGALPUR: सुल्तानगंज-दर्दमारा सड़क के चौड़ीकरण कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए मुंगेर के तारापुर अनुमंडल प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। सड़क किनारे सरकारी जमीन पर किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। तारापुर में प्रशासन की टीम ने कई स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया। इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं, प्रशासन की सख्ती के बाद कई लोग खुद ही अपना कब्जा हटाने में जुट गए हैं।
सुलतानगंज-दर्दमारा सड़क के चौड़ीकरण कार्य में असरगंज, तारापुर और संग्रामपुर नगर पंचायत क्षेत्रों के अलावा मसुमगंज, कमराय, लखनपुर, गनेली, रामपुर, नहर मोड़ और नवगांव में अतिक्रमण बड़ी बाधा बना हुआ था। इन इलाकों में सड़क किनारे सरकारी जमीन पर दुकानदारों और अन्य लोगों द्वारा स्थायी निर्माण के साथ-साथ अस्थायी शेड और दुकानें लगाई गई थीं।
इसके कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गई थी और आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी।अतिक्रमण हटाने के अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी महेश कुमार ने तीनों अंचलों के अंचल अधिकारियों, चारों थानों के थानाध्यक्षों और तीनों नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की है। प्रशासन की ओर से माइकिंग कर लगातार अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी जा रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-22 के किनारे चिह्नित अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने स्थायी अतिक्रमण करने वालों के लिए भी स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की है। पहले चरण में उन्हें 14 दिनों के भीतर कब्जा हटाने का नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद दूसरी नोटिस जारी कर सात दिनों की अतिरिक्त मोहलत मिलेगी। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन बुलडोजर चलाकर कब्जा हटाएगा।
इतना ही नहीं, कार्रवाई में होने वाले खर्च की वसूली भी संबंधित अतिक्रमणकारियों से की जाएगी। वही एसडीओ महेश कुमार ने कहा कि सरकारी जमीन और दुकानों के आगे लगाए गए शेड सहित अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्थायी अतिक्रमणकारियों को नोटिस देने की प्रक्रिया भी चल रही है।
वहीं, आंशिक पक्की संरचनाओं को जेसीबी की मदद से हटाया जा रहा है।एसडीओ महेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि सड़क चौड़ीकरण में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को हर हाल में नियमानुसार हटाया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क को अतिक्रमणमुक्त कर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाना और लोगों को जाम से राहत दिलाना है। प्रशासन की सख्ती के बाद कई स्थानों पर सड़क पहले से अधिक चौड़ी दिखाई देने लगी है।





