DARBHANGA: दरभंगा से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां शादी से महज 27 दिन पहले एक 22 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला। युवक की शादी आगामी 14 दिसंबर को होने वाली थी।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक के दोस्तों पर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई है। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य सड़क जाम कर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। घटना रैयाम थाना क्षेत्र के नया गांव की है।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय रौशन यादव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम रौशन सूर्य पूजा का मेला देखने के लिए घर से निकला था। लेकिन देर रात तक वह घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसका शव गांव में ही एक आम के पेड़ से लटका मिला। शव देखते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
रौशन की शादी 14 दिसंबर को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ मुख्य सड़क जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन चला, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर रैयाम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस के साथ एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही युवक की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। शादी के महज 27 दिन पहले हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।





