PATNA:बिहार में कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल के नामकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। बिहार सरकार ने इस पुल का नाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखने का फैसला किया है। इसकी घोषणा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने की है। लेकिन इस पुल के नामकरण को लेकर लालू परिवार में दो मत देखने को मिल रहा है। रोहिणी और तेजप्रताप चाहते हैं कि इस पुल का नाम उनके पिता लालू प्रसाद यादव के नाम पर रखा जाए। जबकि तेजस्वी यादव की अलग राय है। तेजस्वी चाहते हैं कि समाजवादी नेता और स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर पुल का नामकरण हो।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। सरकार के इस फैसले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस पुल का नाम समाजवादी नेता और स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखा जाना चाहिए। जबकि उनके बड़े भाई और जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो तेजप्रताप यादव और बहन रोहिणी की अलग राय है।
जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने अपने पिता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के नाम पर पुल का नाम रखने की मांग की। कहा कि बिहार किनके वजह से जाना जाता है, यह पूरी देश की जनता भली भांती जानती है। कौन किसका प्रोडक्ट है, कौन कहां से निकला है वो सब भी जानती है। आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी देश के मास लीडर हैं, उन्ही के क्लास से ही सभी प्रोडक्ट निकला हुआ है। हम यही मांग करेंगे की मेरे पिताजी के नाम पर इस ब्रीज का नाम हो।
इससे पहले लालू की बिटिया रोहिणी आचार्य ने यही मांग की थी। रोहिणी ने कहा था कि राघोपुर पुल का नाम या तो 'सामाजिक न्याय सेतु' होना चाहिए या फिर लालू जी के नाम पर ..
रोहिणी ने कहा था कि यह जगजाहिर है कि आदरणीय लालू जी ने राघोपुर दियारा क्षेत्र के समग्र विकास और पुल के माध्यम से क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर गंभीर , सार्थक व् जमीनी प्रयास.किया l आज राजनीतिक श्रेय लेने के लिए ऐतिहासिक राघोपुर पुल के निर्माण का श्रेय "दूसरों" के नाम किए जाने का निर्णय लिया गया है, जो अफसोसजनक है।
रोहिणी ने कहा था कि राघोपुर की जनता चाहती है कि राघोपुर पुल का नाम या तो 'सामाजिक न्याय सेतु' होना चाहिए या फिर लालू जी के नाम पर, जिन्होंने इसके निर्माण के निर्णय की नींव मजबूत की। सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए नामकरण करने का कोई औचित्य नहीं है और ऐसे निर्णय पर सवाल उठना लाजिमी है।
अब तेजस्वी यादव अलग ही मांग कर रहे हैं। तेज प्रताप यादव और रोहिणी आचार्य अपने पिता लालू के नाम पर पुल का नाम रखे जाने की मांग कर रहे हैं जबकि तेजस्वी यादव महान स्वतंत्रता सेनी अक्षयवट राय के नाम पर इस पुल का नाम रखने की मांग कर रहे हैं। तेजस्वी ने कहा है कि कि इस पुल के निर्माण का शिलान्यास लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार और उन्होंने मिलकर किया था। उस समय उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखने का आग्रह किया था। तेजस्वी का दावा है कि नीतीश कुमार ने भी इस प्रस्ताव पर सहमति जताई थी। लेकिन अब सम्राट चौधरी की सरकार ने पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखने का फैसला कर लिया है।
तेजस्वी यादव ने पुल के निर्माण में केंद्र सरकार के योगदान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि करीब 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल का निर्माण बिहार सरकार ने अपने खजाने से और कर्ज लेकर कराया है। इसमें केंद्र सरकार या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से एक भी रुपया नहीं दिया गया। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर केंद्र सरकार ने इस परियोजना में आर्थिक मदद की है तो इसका हिसाब बताया जाए।
तेजस्वी ने नामकरण की परंपरा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आमतौर पर जीवित व्यक्तियों के नाम पर सरकारी परियोजनाओं का नाम नहीं रखा जाता, लेकिन मौजूदा सरकार एक नई परंपरा शुरू कर रही है।
इस दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर ट्रांसफर-पोस्टिंग और सरकारी नौकरियों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विजय चौधरी और सम्राट चौधरी समेत सरकार के लोग मिलीभगत से ट्रांसफर-पोस्टिंग के जरिए फायदा उठा रहे हैं। यहां तक कि चपरासी के तबादले में भी खेल हो रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार में सरकारी भर्तियों में पहले से ही पैसे तय हो जाते हैं और बिना पैसे दिए नौकरी मिलना मुश्किल है।
तेजस्वी यादव ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग इन समस्याओं से परेशान हैं, लेकिन सरकार का ध्यान जनता की समस्याओं के बजाय अपने फायदे पर है। अब देखना होगा कि 'नीतीश सेतु' के नामकरण को लेकर बिहार की सियासत में यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है।
तेज प्रताप यादव ने कहा कि राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ नहीं, बल्कि ‘लालू यादव सेतु’ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार के सारे नेता लालू यादव की फैक्ट्री से निकले हैं। #TejPratapYadav #LaluYadav #NitishKumar #NitishSetu #BiharPolitics #BiharNews #FirstBiharJharkhand
— FirstBiharJharkhand (@firstbiharnews) November 17, 2026
नीतीश सेतु के नामकरण पर तेजस्वी का हमला, बोले- अक्षयवट राय के नाम पर पुल रखने की बात पर नीतीश कुमार ने भरी थी हामी, लेकिन अब अपने नाम पर रखवा लिया। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि इस पुल के निर्माण में केंद्र सरकार से एक रुपये की भी मदद नहीं मिली। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी और समाजवादी नेता अक्षयवट राय के नाम पर सेतु का नाम रखने का प्रस्ताव था, जिस पर नीतीश कुमार ने सहमति भी जताई थी। लेकिन अब पुल का नाम नीतीश सेतु रखा जा रहा है। #TejashwiYadav #NitishKumar #AkshaywatRai #NitishSetu #RJD #BiharPolitics #BiharNews #FirstBiharJharkhand
— FirstBiharJharkhand (@firstbiharnews) November 17, 2026
राघोपुर पुल का नाम या तो 'सामाजिक न्याय सेतु' होना चाहिए या फिर लालू जी के नाम पर .. यह जगजाहिर है कि आदरणीय लालू जी ने राघोपुर दियारा क्षेत्र के समग्र विकास और पुल के माध्यम से क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर गंभीर , सार्थक व् जमीनी प्रयास.किया l आज राजनीतिक श्रेय लेने के लिए ऐतिहासिक राघोपुर पुल के निर्माण का श्रेय "दूसरों" के नाम किए जाने का निर्णय लिया गया है, जो अफसोसजनक है। राघोपुर की जनता चाहती है कि राघोपुर पुल का नाम या तो 'सामाजिक न्याय सेतु' होना चाहिए या फिर लालू जी के नाम पर, जिन्होंने इसके निर्माण के निर्णय की नींव मजबूत की। सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए नामकरण करने का कोई औचित्य नहीं है और ऐसे निर्णय पर सवाल उठना लाजिमी है।
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) November 14, 2026





