PATNA:बिहार में कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल के नामकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। बिहार सरकार ने इस पुल का नाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखने का फैसला किया है। इसकी घोषणा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। सरकार के इस फैसले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस पुल का नाम समाजवादी नेता और स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखा जाना चाहिए था।
तेजस्वी यादव ने कहा कि इस पुल के निर्माण का शिलान्यास लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार और उन्होंने मिलकर किया था। उस समय उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखने का आग्रह किया था। तेजस्वी का दावा है कि नीतीश कुमार ने भी इस प्रस्ताव पर सहमति जताई थी। लेकिन अब सम्राट चौधरी की सरकार ने पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखने का फैसला कर लिया है।
तेजस्वी यादव ने पुल के निर्माण में केंद्र सरकार के योगदान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि करीब 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल का निर्माण बिहार सरकार ने अपने खजाने से और कर्ज लेकर कराया है। इसमें केंद्र सरकार या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से एक भी रुपया नहीं दिया गया। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर केंद्र सरकार ने इस परियोजना में आर्थिक मदद की है तो इसका हिसाब बताया जाए।
तेजस्वी ने नामकरण की परंपरा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आमतौर पर जीवित व्यक्तियों के नाम पर सरकारी परियोजनाओं का नाम नहीं रखा जाता, लेकिन मौजूदा सरकार एक नई परंपरा शुरू कर रही है।
इस दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर ट्रांसफर-पोस्टिंग और सरकारी नौकरियों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विजय चौधरी और सम्राट चौधरी समेत सरकार के लोग मिलीभगत से ट्रांसफर-पोस्टिंग के जरिए फायदा उठा रहे हैं। यहां तक कि चपरासी के तबादले में भी खेल हो रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार में सरकारी भर्तियों में पहले से ही पैसे तय हो जाते हैं और बिना पैसे दिए नौकरी मिलना मुश्किल है।
तेजस्वी यादव ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग इन समस्याओं से परेशान हैं, लेकिन सरकार का ध्यान जनता की समस्याओं के बजाय अपने फायदे पर है। अब देखना होगा कि 'नीतीश सेतु' के नामकरण को लेकर बिहार की सियासत में यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है।
लिंगम की रिपोर्ट
नीतीश सेतु के नामकरण पर तेजस्वी का हमला, बोले- अक्षयवट राय के नाम पर पुल रखने की बात पर नीतीश कुमार ने भरी थी हामी, लेकिन अब अपने नाम पर रखवा लिया। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि इस पुल के निर्माण में केंद्र सरकार से एक रुपये की भी मदद नहीं मिली। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी और समाजवादी नेता अक्षयवट राय के नाम पर सेतु का नाम रखने का प्रस्ताव था, जिस पर नीतीश कुमार ने सहमति भी जताई थी। लेकिन अब पुल का नाम नीतीश सेतु रखा जा रहा है। #TejashwiYadav #NitishKumar #AkshaywatRai #NitishSetu #RJD #BiharPolitics #BiharNews #FirstBiharJharkhand
— FirstBiharJharkhand (@firstbiharnews) November 17, 2026





