Bihar Police Attack: दरभंगा के मनीगाछी थाना क्षेत्र में शराब और नशे के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. बघान्त गांव के पासवान टोला में कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हंगामा किया. इस दौरान पुलिस की सरकारी गाड़ी पर रोड़ेबाजी की गई, जिससे वाहन का शीशा टूट गया. घटना में ASI राजेश सिंह के हाथ में चोट लगी है. वहीं, गिरफ्तार आरोपी अजय पासवान के चलती पुलिस गाड़ी से कूदने के बाद उसे भी चोट आई है.
बुधवार रात मिली थी नशे में हंगामे की सूचना
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि बघान्त गांव के पासवान टोला में कुछ लोग शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं. सूचना के बाद थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने वहां से तीन लोगों को नशे की हालत में हिरासत में लिया और उन्हें सरकारी वाहन में बैठा लिया.
इसी दौरान गणेशी पासवान के पुत्र अजय पासवान पुलिस टीम से उलझ गया. पुलिस का आरोप है कि उसने हंगामा करते हुए वाहन में बैठे लोगों को छुड़ा लिया. इसके बाद पुलिस टीम को वहां से वापस लौटना पड़ा. मामले में मनीगाछी थाने में कांड संख्या 267/26 दर्ज की गई. इसमें अजय पासवान समेत छह नामजद और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया.
गिरफ्तारी के दौरान फिर हुआ हंगामा
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी. गुरुवार देर रात बाजितपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार नेहरा, मोती कुमार और मनीगाछी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम वज्र वाहन के साथ बघान्त गांव के पासवान टोला पहुंची.
पुलिस ने छापेमारी कर अजय पासवान को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान उसके परिजनों और कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की और हंगामा किया. किसी तरह पुलिस ने अजय को काबू में किया और सरकारी वाहन में बैठाकर वहां से निकल गई.
पुलिस गाड़ी पर पत्थर मारने का आरोप
पुलिस के अनुसार, गांव से करीब दो किलोमीटर आगे निकलने के बाद चार बाइक पर सवार कुछ लोग वहां पहुंचे. इसी दौरान एक बाइक सवार ने पुलिस वाहन के सामने आकर उसके शीशे पर पत्थर मार दिया. पत्थर लगने से सरकारी वाहन का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया.
चलती गाड़ी से कूद गया गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के मुताबिक, अजय पासवान को वाहन के पीछे दो सिपाहियों के साथ बैठाया गया था. इसी दौरान उसने पैर से वाहन के पिछले शीशे पर जोरदार प्रहार किया, जिससे शीशा टूट गया. इसके बाद अजय पासवान चलती गाड़ी से बाहर कूद गया. पुलिस बल ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया.
चलती गाड़ी से कूदने के कारण अजय पासवान को भी चोटें आईं. इसके बाद उसे इलाज के लिए डीएमसीएच के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. वहीं, घायल ASI राजेश सिंह का इलाज मनीगाछी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया.
बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने बताया कि मनीगाछी में पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया है और घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है. उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस के अनुसार, शराब कारोबारियों और शराब के नशे में हंगामा करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है. पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं के बावजूद कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.




