DESK: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने वर्ष 2027 की इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए सेंटअप परीक्षा का प्रोग्राम जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, इंटरमीडिएट की सेंटअप परीक्षा 19 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित होगी, जबकि मैट्रिक की सेंटअप परीक्षा 23 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक चलेगी।
इंटरमीडिएट सेंटअप परीक्षा की तारीख
बिहार बोर्ड के अनुसार, इंटरमीडिएट की सेंटअप परीक्षा 19 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। वहीं, इसकी प्रायोगिक परीक्षा 30 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक होगी।
मैट्रिक सेंटअप परीक्षा का प्रोग्राम जारी
मैट्रिक की सेंटअप परीक्षा 23 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। जबकि प्रायोगिक परीक्षा 28 नवंबर 2026 को होगी।
इन विद्यार्थियों को नहीं देना होगा सेंटअप एग्जाम
बोर्ड के निर्देश के मुताबिक, पूर्ववर्ती (Ex-Regular), कंपार्टमेंटल (Compartmental) और समुन्नत (Improvement) श्रेणी के विद्यार्थियों को सेंटअप परीक्षा में शामिल होने की आवश्यकता नहीं है।
सेंटअप परीक्षा में पास होना जरूरी
बिहार बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सेंटअप परीक्षा में शामिल नहीं होने या फेल होने वाले विद्यार्थियों को वर्ष 2027 की वार्षिक परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा। ऐसे में इंटर और मैट्रिक की वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए सेंटअप परीक्षा में शामिल होना और परीक्षा पास करना अनिवार्य है।





