Bihar MLC Election 2026: जमुई शहर स्थित अंचल कार्यालय के मतदान केंद्र संख्या 146 के बाहर भाजपा प्रत्याशी का फोटोयुक्त पोस्टर लगाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार डॉ. एनके यादव का पोस्टर लगाकर मतदाताओं को पर्ची दिए जाने पर मौके पर पहुंचे अधिकारी ने कड़ी आपत्ति जताई। अधिकारी की चेतावनी के बाद पोस्टर हटाया गया। इस पूरी घटना का लाइव वीडियो सामने आया है, जिसमें अधिकारी पोस्टर लगाने वालों को बार-बार चेतावनी देते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मतदान केंद्र संख्या 146 पर कुल 615 मतदाता हैं। मतदान केंद्र के बाहर भाजपा प्रत्याशी डॉ. एनके यादव का फोटोयुक्त पोस्टर लगाया गया था। इसी पोस्टर के माध्यम से मतदाताओं को पर्ची दिए जाने की बात सामने आई। इस दौरान मौके पर पहुंचे अधिकारी ने पोस्टर लगाने पर आपत्ति जताते हुए उसे हटाने का निर्देश दिया।
वायरल वीडियो में अधिकारी पोस्टर लगा रहे लोगों को चेतावनी देते सुनाई दे रहे हैं। अधिकारी कहते हैं कि तीसरी बार मना करने के बावजूद बार-बार पोस्टर लगाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र के आसपास पोस्टर और बैनर लगाना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद दोबारा ऐसा किए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी की सख्ती के बाद पोस्टर को फिर से हटाया गया। घटना के दौरान अधिकारी और पोस्टर लगाने वालों के बीच हुई बातचीत का वीडियो भी सामने आया है। वहीं, मामले पर पूछे जाने पर बूथ पर तैनात अधिकारी कुछ भी बोलने से बचते नजर आए।
मतदान केंद्र के बाहर उम्मीदवार के फोटोयुक्त पोस्टर लगाकर मतदाताओं को पर्ची दिए जाने की घटना ने निर्वाचन व्यवस्था और आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। निर्वाचन नियमों के अनुसार, मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में चुनाव प्रचार प्रतिबंधित है। ऐसे में पोस्टर किस स्थान पर लगाया गया था और वह प्रतिबंधित दायरे में आता है या नहीं, इसकी जांच जरूरी है।
मामले में गिद्धौर प्रखंड की अंचल अधिकारी आरती भूषण से भी सवाल किया गया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया। फोटोयुक्त बैनर लगाने की अनुमति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले को लेकर जमुई के जिलाधिकारी ने जांच कराने की बात कही है।
अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पोस्टर प्रतिबंधित क्षेत्र में लगाया गया था या नहीं और निर्वाचन नियमों का उल्लंघन हुआ है अथवा नहीं। फिलहाल मतदान केंद्र के बाहर पोस्टर लगाने, मतदाताओं को पर्ची देने और अधिकारी की चेतावनी के बाद बैनर हटाए जाने का वीडियो चर्चा में है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
जमुई से धीरज कुमार सिंह





