बिहार में लगातार सामने आ रही गोलीबारी की घटनाओं के बीच बक्सर से भी फायरिंग की एक बड़ी घटना सामने आई है. डुमरांव के मुरार थाना क्षेत्र के मसहरियां गांव में रविवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई. प्रारंभिक जांच में करीब 10 से 12 राउंड गोली चलने की बात सामने आई है. हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
घटना रविवार रात करीब नौ बजे की है. अचानक गोलियों की आवाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई. लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार के नेतृत्व में आसपास के कई थानों की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया. पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की.
मौके से आठ खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से आठ खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में दोनों पक्षों की ओर से करीब 10 से 12 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है. दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और इसी को लेकर कहासुनी के बाद फायरिंग हुई.
फायरिंग की असली वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है. पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है.
दोनों पक्षों से पांच आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से मुरार थाने में आवेदन दिया गया. पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक आरोपी एक पक्ष से और चार आरोपी दूसरे पक्ष से बताए जा रहे हैं.
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग में कौन-कौन लोग शामिल थे और विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई.
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों से जुड़े लोगों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार कहां से आए और घटना में शामिल अन्य लोगों की क्या भूमिका रही.
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.





