BHAGALPUR: सपने देखने वाले तो बहुत होते हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने का हौसला कुछ ही लोग दिखा पाते हैं। बिहार के भागलपुर की 20 वर्षीय बेटी वंशिका विराज ने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन इंडिगो एयरलाइंस के प्रतिष्ठित कैडेट पायलट प्रोग्राम में हुआ है।
खास बात यह है कि चयन के अंतिम चरण में बिहार से चुनी गईं वंशिका इकलौती अभ्यर्थी हैं। छोटे से कस्बे घोघा से निकलकर पायलट बनने की दिशा में उनका यह सफर दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणा बन गया है।
बिहार के भागलपुर जिले के घोघा की रहने वाली वंशिका विराज ने महज 20 साल की उम्र में वह मुकाम हासिल किया है, जिसका सपना लाखों युवा देखते हैं। वंशिका के पिता विश्वजीत सिंह हैं। बेटी की इस सफलता से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।
इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद वंशिका ने एविएशन के क्षेत्र में करियर बनाने का फैसला किया। अपने सपने को पूरा करने के लिए वह केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम पहुंचीं। यहां उन्होंने विमानन क्षेत्र से जुड़ी पढ़ाई की और डीजीसीए के निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार फ्लाइट ट्रेनिंग की बारीकियां सीखीं। इसके बाद उन्होंने इंडिगो के कैडेट पायलट प्रोग्राम के लिए आवेदन किया।
इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में चयन आसान नहीं था। वंशिका को पांच अलग-अलग चरणों से गुजरना पड़ा। एप्टीट्यूड टेस्ट, इंटरव्यू, ग्रुप डिस्कशन और मेडिकल जांच जैसी कठिन प्रक्रियाओं में उन्होंने अपनी योग्यता साबित की। उनकी मेहनत रंग लाई और अंतिम चयन में जगह बनाने वाले 10 अभ्यर्थियों में वह भी शामिल हो गईं।
अब वंशिका के प्रशिक्षण का अगला पड़ाव फिलीपींस होगा। यहां उन्हें करीब 200 घंटे की उड़ान ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके साथ ही विमान संचालन और विमानन से जुड़ी तकनीकी जानकारियां भी सिखाई जाएंगी। फिलीपींस में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वह भारत लौटेंगी और आगे की निर्धारित ट्रेनिंग पूरी करेंगी। सभी जरूरी प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक पूरी होने के बाद वह कॉमर्शियल पायलट के रूप में विमान उड़ाने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।
हालांकि, वंशिका के लिए यह सफर आसान नहीं रहा। उन्हें पढ़ाई और चयन प्रक्रिया के साथ सामाजिक चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि दिल्ली में बिहारी होने के कारण कई बार उन्हें नकारात्मक टिप्पणियां सुननी पड़ीं। लेकिन उन्होंने इन बातों को अपने लक्ष्य के बीच नहीं आने दिया।
वंशिका ने अपनी कामयाबी का श्रेय मां को दिया है। कहा कि मुझे मां ने हमेशा हौसला दिया। जब सब मेरे फैसले के खिलाफ थे, तब मां ने ही मेरा साथ दिया। पायलट बनने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी और कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। दिल्ली में बिहारी होने के कारण कई बार नकारात्मक टिप्पणियां भी सुननी पड़ीं, लेकिन मैंने अपने लक्ष्य से पीछे हटना स्वीकार नहीं किया।''
वंशिका की इस सफलता के पीछे उनकी मां का बड़ा योगदान रहा है। वहीं, पिता विश्वजीत सिंह बताते हैं कि बेटी बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही है। उनकी इच्छा थी कि बेटी डॉक्टर बने, लेकिन वंशिका ने एविएशन के क्षेत्र में अपना करियर बनाने का फैसला किया। आज बेटी की उपलब्धि पर पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है।
वंशिका के पिता विश्वजीत सिंह करते हैं कि मेरी बेटी बचपन से ही पढ़ने लिखने में अच्छी रही है। मेरी इच्छा थी कि वह डॉक्टर बने, लेकिन उसने एविएशन के क्षेत्र में करियर बनाने का फैसला किया। आज उसकी इस उपलब्धि पर पूरे परिवार को गर्व है।''
भागलपुर के छोटे से कस्बे घोघा से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उड़ान प्रशिक्षण हासिल करने जा रहीं वंशिका विराज की कहानी साबित करती है कि सपनों को पूरा करने के लिए बड़े शहर में पैदा होना जरूरी नहीं है। जरूरत है तो बस मजबूत इरादे, मेहनत और खुद पर भरोसा रखने की। आज वंशिका की कामयाबी बिहार की उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो आसमान में उड़ान भरने का सपना देखती हैं।




