Bihar Protest Violence News: नीट पेपर लीक के विरोध और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के खिलाफ शनिवार को आयोजित बिहार बंद के दौरान भागलपुर का तिलकामांझी चौक रणक्षेत्र में बदल गया. 300 से 400 की संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया और कई सरकारी व निजी वाहनों में तोड़फोड़ की. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.
जानकारी के अनुसार, तिलकामांझी चौक पर प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच कहासुनी के बाद माहौल अचानक बिगड़ गया. देखते ही देखते प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी. इसके बाद भीड़ ने सड़क पर खड़ी पुलिस की पेट्रोलिंग जिप्सी को पलट दिया.
पुलिस और प्रशासन के कई वाहनों में तोड़फोड़
उपद्रवियों के पथराव में सदर एसडीएम की गाड़ी, ट्रैफिक विभाग की जिप्सी समेत चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. इस दौरान प्रदर्शनकारी लगातार पथराव करते हुए बरारी की ओर बढ़ने लगे. अचानक हुए पथराव के कारण आम राहगीरों और पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई.
BJP नेता की गाड़ी पर भी हमला
हंगामे के दौरान तिलकामांझी चौक से गुजर रही बीजेपी नेता की सफेद रंग की स्कॉर्पियो को प्रदर्शनकारियों ने निशाना बना लिया. आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारी गाड़ी को देखकर ‘BJP वाले की गाड़ी है, मारो-मारो’ कहते हुए उसकी ओर बढ़े और लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया.
गाड़ी पर हमला होते देख बीजेपी नेता के साथ तैनात बॉडीगार्ड तुरंत बाहर निकला और अपनी सर्विस पिस्टल निकाल ली. इसके बाद उसने प्रदर्शनकारियों को रोकते हुए बीजेपी नेता को सुरक्षित वहां से बाहर निकाला.
पुलिस ने किया लाठीचार्ज
तिलकामांझी चौक पर लगातार बढ़ते हंगामे और पथराव के बाद अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया. पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद तिलकामांझी से बरारी जाने वाले मार्ग पर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई.
लाठीचार्ज के विरोध में धरने पर बैठे छात्र
पुलिस की कार्रवाई के विरोध में कई छात्र सड़क पर ही धरने पर बैठ गए. प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस पर बल प्रयोग करने का आरोप लगाया. फिलहाल इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात है.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहनों में तोड़फोड़ और पथराव करने वाले प्रदर्शनकारियों की पहचान करने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.





