Bihar News: बेतिया जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी ढाला गांव स्थित हड़बोड़ा नदी किनारे बुधवार की अहले सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. डीएवी स्कूल के पीछे स्थित छठ घाट के पास शव पड़े होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान पकड़ी ढाला निवासी 55 वर्षीय विंध्यांचल महतो के रूप में हुई है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की.
परिजनों ने बताया कि विंध्यांचल महतो मंगलवार की शाम करीब चार बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका. बुधवार सुबह ग्रामीणों ने नदी किनारे उनका शव देखा, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई. शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
घटना की जानकारी मिलने पर दारोगा रामजी पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि चंदन कुमार और मृतक की भावज इंद्राणी देवी भी घटनास्थल पर पहुंचीं. पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं.
परिजनों के अनुसार, विंध्यांचल महतो मानसिक रूप से कमजोर थे. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण हड़बोड़ा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उनका पैर फिसल गया होगा और नदी में डूबने से उनकी मौत हो गई. हालांकि, पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.





