PATNA: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पटना के आनंदपुरी निवासी अभिषेक कुमार उर्फ बंटी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। टिकट मिलने की सूचना मिलते ही अभिषेक और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि जैसे ही अभिषेक कुमार को फोन पर टिकट मिलने की जानकारी मिली, वह खुशी से झूम उठे। उनके परिवार में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला। उनकी पत्नी ने भी खुशी जाहिर की। टिकट की घोषणा की खबर फैलते ही मोहल्ले के लोग उन्हें बधाई देने उनके घर पहुंचने लगे।
अभिषेक कुमार ने घर से बाहर निकलकर स्थानीय लोगों और समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने अपने साथियों को गले लगाकर खुशी साझा की और सभी का आभार व्यक्त किया। इसके बाद वह भाजपा प्रदेश कार्यालय के लिए रवाना हुए। इस दौरान मीडिया ने उनसे प्रतिक्रिया जाननी चाही, लेकिन उन्होंने कहा कि वह 9 जुलाई को नामांकन दाखिल करने के बाद ही विस्तार से अपनी बात रखेंगे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर भी पत्रकारों ने उनसे टिकट मिलने को लेकर सवाल किए। इस पर अभिषेक कुमार ने कहा, "मैं भारतीय जनता पार्टी का एक समर्पित कार्यकर्ता हूं और पार्टी के लिए निरंतर काम करता रहूंगा। पार्टी नेतृत्व ने मुझ जैसे कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है। मैं उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा।"
प्रदेश कार्यालय में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अभिषेक कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने "जय श्री राम" और "कोई नहीं है टक्कर में, क्यों पड़े हो चक्कर में" जैसे नारे लगाए, जिससे पूरे परिसर में चुनावी उत्साह का माहौल बन गया। गौरतलब है कि अभिषेक कुमार 9 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसके बाद उनके चुनाव प्रचार अभियान को और गति मिलने की संभावना है।
बताया जाता है कि कायस्थ समाज से आने वाले अभिषेक सिन्हा उर्फ बंटी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के करीबी बताये जाते हैं। बांकीपुर जैसी हाई प्रोफाइल सीट से बीजेपी ने एक युवा कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया है। अब 9 जुलाई को बीजेपी उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान खुद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मौजूद रहेंगे।
बता दें कि जनसुराज से प्रशांत किशोर और आरजेडी से रेखा गुप्ता बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी के उम्मीदवार पर सस्पेंस बना हुआ था। लोग इंतजार में थे कि पार्टी कब उम्मीदवार की घोषणा करेगी। बांकीपुर सीट से उम्मीदवार के नामों की चर्चा में पहला नाम नील रतन घोष का चल रहा था। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के करीबी नील रतन घोष (नीलू दा) का नाम सबसे आगे चल रहा था। नील रतन घोष पटना के मंदिरी इलाके के रहने वाले हैं।
वो नितिन नवीन के पिता नवीन किशोर सिन्हा के करीबी सहयोगी रह चुके हैं। वे गोलघर मंडल के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं और पार्टी में उनकी साफ-सुथरी छवि मानी जाती है। इसके अलावे भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक, बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष रणवीर नंदन और पूर्व विधायक अरुण सिन्हा के पुत्र आशीष सिंह के नाम भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल बताए जा रहे थे। लेकिन तमाम कयासों पर विराम लग गया है। आज बांकीपुर के उम्मीदार के नाम की घोषणा कर दी गयी।





