Anant Singh Viral Videos: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी इन दिनों काफी चर्चा में है. 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा में हुई इस शादी की भव्यता से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं. इसी बीच एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें जमीन पर बिखरे नोटों को लोग झाड़ू और गत्ते की मदद से समेटते नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर इस वीडियो को अनंत सिंह की बेटी की शादी का बताकर शेयर किया जा रहा है.
वायरल वीडियो में समारोह स्थल पर बड़ी संख्या में 10, 20, 50 और 100 रुपये के नोट बिखरे दिखाई दे रहे हैं. कुछ लोग जमीन पर पड़े इन नोटों को एक जगह इकट्ठा करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. दावा किया जा रहा है कि शिवांगी सिंह की शादी के दौरान कलाकारों की प्रस्तुति पर समर्थकों और रिश्तेदारों ने जमकर रुपये उड़ाए थे.
क्या है वायरल वीडियो का सच?
दरअसल, अनंत सिंह की बेटी की शादी से पहले 23 नवंबर को हल्दी और 24 नवंबर को मेहंदी-संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इन कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए कलाकारों को भी बुलाया गया था. वहीं 25 नवंबर को बिहटा से रणविजय सिंह के बेटे ऋषिकेश कुमार बारात लेकर लदमा पहुंचे थे. शादी समारोह में बड़ी संख्या में मेहमान और वीवीआईपी शामिल हुए थे.
इसी बीच सोशल मीडिया पर नोटों को झाड़ू से समेटने वाला वीडियो सामने आया. इसे अनंत सिंह के परिवार की शाही शादी से जोड़कर वायरल किया जा रहा है. हालांकि, फिलहाल इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि वीडियो वास्तव में लदमा में आयोजित शादी समारोह का है या किसी दूसरे कार्यक्रम का.
डांसर का वीडियो भी हो रहा वायरल
इस शादी से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है. इसमें एक महिला डांसर मंच पर प्रस्तुति देती नजर आ रही है. इसी दौरान एक व्यक्ति जमीन पर पड़े रुपये उठाकर उसे देने के लिए आगे बढ़ता है, लेकिन महिला हाथ जोड़कर पैसे लेने से इनकार कर देती है. इस वीडियो को भी शिवांगी सिंह की हल्दी के कार्यक्रम से जोड़कर शेयर किया जा रहा है.
फिलहाल नोटों की बारिश और उन्हें झाड़ू से समेटने वाले वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है. लेकिन वीडियो कहां का है और क्या इसका अनंत सिंह की बेटी की शादी से वास्तव में कोई संबंध है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है.





