Bihar Crime News: वैशाली की बरांटी पुलिस ने प्रिवेंटिव पुलिसिंग के तहत बड़ी कार्रवाई की है। अजमतपुर मुशहरी रोड पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, पुलिस ने दो बाइक सवार रविन्द्र कुमार और नीरज कुमार को शक के आधार पर रोका। पुलिस को देखकर दोने ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस जवानों ने दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया। रविन्द्र कुमार के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं नीरज कुमार के पास से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला।
बिदुपुर थाना क्षेत्र के खिलवत निवासी रविन्द्र कुमार पर विभिन्न थानों में कुल 19 मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या का प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। नीरज कुमार महुआ थाना क्षेत्र के परसौनियों का रहने वाला है। राजापाकड़ थाने में रविन्द्र पर एनडीपीएस एक्ट और लूट के मामले हैं। नगर थाने में लूट का एक मामला है। बिदुपुर थाने में 13 अलग-अलग मामले दर्ज हैं। बलिगांव थाने में हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है।
महुआ एसडीपीओ सूरभ सुमन ने बताया कि वाहन चेकिंग अभियान के दौरान दोनों संदिग्धों की तलाशी में हथियार बरामद हुए। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।