Bihar News: बिहार के कटिहार में एक एक्सप्रेस ट्रेन से रेल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 45 लाख की चांदी को जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ कर रही है।
दरअसल, कटिहार रेल पुलिस ने लगभग 70 किलो चांदी की बड़ी खेप को बरामद किया है। रेल पुलिस की माने तो इसका बाजार मूल्य लगभग 45 लाख रुपया आंका जा रहा है। रेल एसपी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कोलकाता से हाटेबाजरे एक्सप्रेस ट्रेन से चांदी के इस बड़े खेप को कटिहार लाया जा रहा थाष प्रारंभिक जांच में मामला टैक्स चोरी का लग रहा है।
उन्होंने बताया कि दो लोग जो चांदी के इस खेप के साथ जनरल बोगी में सफर कर रहे थे, उन्हें डिटेन कर इस पर पूछताछ की जा रही है। रेल एसपी ने बताया कि पचास हजार से अधिक वस्तु की अल्ट्रा स्टेट ट्रांजेक्शन के लिए ईवे बिल जनरेट करवाना होता है, जो इस मामले में नहीं किया गया था। इसी को लेकर यह कार्रवाई की गई है।