Bihar News: बिहार के बेगूसराय में कोर्ट के आदेश पर जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना कपना पड़ा। ग्रामीणों ने ईंट पत्थर से पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इस हमले में थानेदार समेत पांच पुलिसकर्मी बुरी तरह से घायल हो गए हैं। घटना बखरी थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव की है।
दरअसल, प्राणपुर में 16 बीघा जमीन पर पिछले दो साल से 150 महादलितों ने जब्जा कर लिया था और उक्त जमीन पर घर बनाकर रह रहे थे। जमीन मालिक के बार-बार कहने के बावजूद जब महादलितों ने भूमि को खाली नहीं किया तो वह मामले को लेकर कोर्ट में गए जमीन मालिक अबू नसर और सादिक अख्तर की शिकायत पर बीते 17 अगस्त को अनुमंडल कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया और जमीन को खाली कराने का आदेश सीओ को दे दिया।
कोर्ट के आदेश पर सीओ ने जमीन को खाली कराने के लिए कई बार आदेश दिया लेकिन महादलित परिवार जमीन खाली करने को तैयार नहीं थे। रविवार को सीओ पुलिस बल के साथ उक्त जमीन को खाली कराने के लिए पहुंचे, जिसके बाद बवाल हो गया। महादलित परिवारों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। जिसमें थानेदार समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घायलों में बखरी थानाध्यक्ष फैसल अहमद अंसारी, एसआई अर्चना कुमारी, एसआई पुष्पलता, एसआई कुंदन कुमार, चालक चंदन कुमार शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए बखरी पीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी मनीष औरप बखरी डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची है और हालात को काबू में किया।