Bihar Crime News: अररिया में एक कबाड़ी कारोबारी का शव सड़क किनारे मिलने के बाद सनसनी फैल गई। कारोबारी अपने दोस्तों के साथ नेपाल घूमने गया था। उसकी हत्या की गई है या फिर सड़क हादसे में जान चली गई, पुलिस इन सवालों का जवाब तलाश रही है।
दरअसल, जोगबनी थाना क्षेत्र के भवानीपुर के पास रविवार की सुबह लोगों ने एक 40 वर्षीय युवक का शव सड़क के किराने देखा। शव मिलने की जानकारी जैसे ही इलाके के लोगों को हुई बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। मृतक कारोबारी की पहचान सोनपुर बनिया टोला निवासी कबाड़ी कारोबारी राकेश कुमार साह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि शनिवार की शाम राकेश अपने दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकार नेपाल गया था। वहां से लौटने के दौरान उसकी जान चली गई। उसकी मौत सड़क हादसे में हुई या किसी ने उसकी हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से कारोबारी की बाइक को भी बरामद किया है।
पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक कारोबारी के परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या ऐसा लग रहा है कि कारोबारी की मौत सड़क हादसे में हुई है लेकिन पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।