BIHAR ROAD ACCIDENT : बिहार में सड़क हादसे के मामले में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। राज्य के अंदर शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो जिस दिन सड़क हादसे में लोगों की जान नहीं जाती हो। इसी कड़ी में अब एक ताजा मामला समस्तीपुर से निकल कर सामने आ रहा है। जहां पत्नी के साथ ससुराल से वापस आ रहे युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर के हलई थाना क्षेत्र में एनएच 322 पर एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार रंजन प्रसाद श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि उनकी पत्नी कुमोद श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना यती बाबा चौक के पास हुई। जहां एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया जिसे बाद में पुलिस और स्थानीय नेताओं ने हटवाया।
बताया जा रहा है कि, मृत बाइक सवार की पहचान हाजीपुर मरई रोड वार्ड संख्या 10 निवासी जनार्दन प्रसाद श्रीवास्तव के 55 वर्षीय पुत्र रंजन प्रसाद श्रीवास्तव के रूप में की गई है। उनकी पत्नी कुमोद श्रीवास्त गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही हलई पुलिस मौके पर पहुंच गई।
सहायक अवर निरीक्षक अनिल कुमार, पंचायत के मुखिया सुनील कुमार राय,पूर्व मुखिया बडेलाल सहनी एवं अन्य ग्रामीणों के द्वारा घायल महिला को एम्बुलेंस बुलाकर खालिसपुर गांधी चौक अर्बन क्लीनिक में भर्ती कराया गया। घायल की गंभीर स्थिति होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है।
इधर,घटना से आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। एएसआई अनिल कुमार एवं मुखिया की पहल से सड़क जाम हटाकर सड़क पर बिखरे लाश के टुकड़े समेट कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा गया।