Hindi News / crime / Bihar Crime News: नेपाल के रास्ते बिहार पहुंच रहे पाकिस्तान में छपे जाली...

Bihar Crime News: नेपाल के रास्ते बिहार पहुंच रहे पाकिस्तान में छपे जाली भारतीय नोट, STF ने बड़े नेटवर्क का किया खुलासा

Bihar Crime News: नेपाल के रास्ते पाकिस्तान में छपे 100 और 200 रुपये के जाली भारतीय नोट बिहार में खपाए जा रहे हैं, STF ने कई जिलों में कार्रवाई कर बड़े तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 04, 2026, 1:36:26 PM

Bihar Crime News

प्रतिकात्मक - फ़ोटो Google

Bihar Crime News: पाकिस्तान में छपे 100 और 200 रुपये के जाली भारतीय नोट बड़े पैमाने पर नेपाल के रास्ते बिहार पहुंच रहे हैं। नेपाल सीमा पार कर इन नकली नोटों को बिहार के विभिन्न बाजारों में खपाया जा रहा है। छोटे मूल्यवर्ग के नोट होने के कारण इन्हें आसानी से बाजार में चला दिया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि पाकिस्तानी एजेंट, नेपाली तस्करों के साथ मिलकर बिहार और उत्तर प्रदेश के नेटवर्क के जरिए नकली नोटों की खेप भेज रहे हैं। बिहार पहुंच रहे जाली नोट उत्तम क्वालिटी के हैं, जिन्हें सामान्य तौर पर पहचानना मुश्किल होता है।


इस नेटवर्क का खुलासा बिहार एसटीएफ ने 30 जनवरी को मोतिहारी के हरैया थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान किया। एसटीएफ ने नेपाल के बागमती प्रदेश के तस्कर तिलक बहादुर और बारा जिले के गमरगावा निवासी सरोज कुमार को गिरफ्तार किया था। दोनों के पास से 18,500 रुपये के जाली भारतीय नोट बरामद किए गए। पूछताछ के आधार पर मोतिहारी पुलिस ने सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज से छह और मधुबनी से एक अन्य नकली नोट तस्कर को गिरफ्तार किया, जिनके पास से नकली नोट छपाई में इस्तेमाल होने वाला कागज भी बरामद हुआ।


इससे पहले 29 जनवरी को बिहार एसटीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने मधुबनी के हरलाखी क्षेत्र से स्थानीय तस्कर मुकेश महतो और सिलकर पंडित को गिरफ्तार किया था। इनके पास से 34,600 रुपये के जाली नोट, जिनमें 200 रुपये के 173 नोट शामिल थे, बरामद किए गए। नोटों की छपाई और क्वालिटी इतनी बेहतरीन थी कि पहचान करना आसान नहीं था। इसके अलावा मधुबनी के नो-मेंस लैंड इलाके से मंगलवार को 14 लाख रुपये के जाली भारतीय नोट भी जब्त किए गए, जहां एसएसबी ने दो तस्करों को पकड़ा।


नेपाल बॉर्डर से लगातार नकली नोटों की खेप आने की सूचना के बाद बिहार एसटीएफ ने मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, मोतिहारी, दरभंगा और मधुबनी सहित कई जिलों की पुलिस को अलर्ट किया है। तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा ने वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर जिले की पुलिस को सतर्क रहने और सूचनाएं जुटाने के निर्देश दिए हैं।


नेपाल सीमा से नकली नोट और मादक पदार्थों की तस्करी के संकेत मिलने के बाद बिहार एसटीएफ की विशेष टीम सीमावर्ती इलाकों और आसपास के जिलों में सक्रिय हो गई है। टीम लगातार छापेमारी कर रही है और सर्विलांस के जरिए बाजार में नकली नोट खपाने वाले स्थानीय तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।


मोतिहारी और मधुबनी से गिरफ्तार तस्करों के पास से एसटीएफ ने 13 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इन मोबाइल की जांच में नकली नोटों के एक बड़े नेटवर्क का सुराग मिला है। दर्जनों संदिग्धों की पहचान कर सूची तैयार की गई है और नेपाल से लेकर बिहार व उत्तर प्रदेश तक फैले इस नेटवर्क पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।