Bihar Politics: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अगले महीने यानी फरवरी 2025 में बिहार दौरा होने वाला है। आगामी 24 फरवरी को पीएम भागलपुर आएंगे। इस दौरान वे किसानों से संबंधित विभिन्न योजनाओं के साथ ही कई और सौगात बिहारवासियों को देने वाले हैं। वे केंद्र सरकार की कई परियोजनाओं की शुरुआत भी कर सकते हैं। इससे पहले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार (24 जनवरी) को बिहार पहुंच रहे हैं। वे पीएम मोदी के संभावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।


वहीं, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने गुरुवार शाम को इस संबंध में पूछे जाने पर पीएम नरेंद्र मोदी के 24 फरवरी को भागलपुर आने की संभावना जताई है। उधर, प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर भागलपुर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि पीएम के कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को ही इसकी तैयारियों की समीक्षा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे।


इसके साथ ही संविधान गौरव अभियान के तहत 21 से 25 जनवरी तक बिहार के विभिन्न स्थानों पर कई कार्यक्रम और जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। 23 जनवरी को मोतिहारी, 24 जनवरी को रक्सौल और 25 जनवरी को सीतामढ़ी में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं के बिहार आने की  उम्मीद है। पार्टी फिलहाल इनके कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे रही है, जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है।