Vande Bharat Express Accident : बिहार के पूर्णिया जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेलवे हादसा हुआ। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को तत्काल पूर्णिया के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह हादसा कटिहार-जोगबनी रेलखंड के कसबा जबनपुर के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मरने वाले सभी लोग दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे और जोगबनी (अररिया) से दानापुर (पटना) जा रही ट्रेन के सामने अचानक आ गए।


हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।


यह घटना जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस से कटकर हुई दूसरी मौत है। इससे पहले 30 सितंबर को सहरसा के हटियागाछी रेलवे ढाला के पास इसी ट्रेन से एक बुजुर्ग की मौत हो चुकी है। वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन 17 सितंबर से शुरू हुआ था। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 सितंबर को पूर्णिया से वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।


यह ट्रेन सीमांचल को राजधानी पटना से जोड़ने वाली पहली वंदे भारत है। जोगबनी से यह ट्रेन तड़के 3.25 बजे रवाना होती है और सुबह 4.50 बजे पूर्णिया, फिर सहरसा, खगड़िया, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर से होते हुए सुबह 11.30 बजे पटना के दानापुर स्टेशन पहुंचती है।


रेलवे अधिकारियों ने सुरक्षा को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। यह घटना फिर से रेलवे सुरक्षा नियमों की गंभीर अनदेखी को उजागर करती है और लोगों को रेलवे ट्रैक पार करते समय अधिक सतर्क रहने की चेतावनी देती है।