Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा में बड़ा हादसा हो गया है। हरनौत थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का स्ट्रक्चर रविवार शाम अचानक गिर गया। हादसे में करीब आधा दर्जन मजदूर घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब पुल की ढलाई का काम चल रहा था। अचानक पुल का हिस्सा ढह गया और नीचे काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए।


हरनौत थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि यह ओवरब्रिज हरनौत स्टेशन के पास रेलवे फाटक के पास बनाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जहां दो बीम की ढलाई होनी थी, वहां चार बीम की ढलाई की जा रही थी। अधिक वजन की वजह से स्ट्रक्चर अचानक ध्वस्त हो गया।


स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ओवरब्रिज निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किया गया है। उनका कहना है कि पुल का बेस कमजोर था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। अभी भी पुलिस और राहत टीम द्वारा मलबा हटाने का कार्य जारी है।


जानकारी के अनुसार, हरनौत बाजार स्थित गोनावा रोड में इस रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण पिछले एक वर्ष से चल रहा है, लेकिन कार्य की रफ्तार काफी धीमी है। करोड़ों रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस पुल को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि और आम लोग कई बार निर्माण में तेजी लाने की मांग कर चुके हैं।