सहरसा कोर्ट का अनोखा फैसला: फर्जी दस्तावेज मामले में आरोपी को मिली जमानत, 6 महीने मंदिर में सेवा की शर्त महाशिवरात्रि और होली से पूर्व हाई अलर्ट: डीजे पर रोक शराबबंदी पर सख्ती बिहार में सिलेंडर हादसा: भांजे की छठ्ठी में मधुबनी में मामा झुलसा, गयाजी में धमाके से 3 घर जलकर राख मोतिहारी में सूखा नशा के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्मैक-गांजा के साथ महिला गिरफ्तार होली को लेकर एक्शन में पुलिस, सिविल ड्रेस में शराब तस्करों के ठिकानों पर कर रही रेड, जमुई में बाप-बेटे को दबोचा बिहार में अपराधियों का तांडव: समस्तीपुर में ज्वेलरी शॉप में करोड़ों की लूट, फायरिंग करते फरार हुए अपराधी प्रेमचंद रंगशाला में ‘सरगम’ की गूंज: श्रैफिकुलम विद्या बोधि स्कूल का भव्य वार्षिक समारोह Bihar Crime News: बिहार में दिनदहाड़े 10 लाख के ज्वेलरी की चोरी, बदमाशों ने बाइक की डिक्की से उड़ाए गहने Bihar Crime News: बिहार में दिनदहाड़े 10 लाख के ज्वेलरी की चोरी, बदमाशों ने बाइक की डिक्की से उड़ाए गहने ‘प्रेग्नेंट करो और पैसे कमाओ’, बिहार में साइबर अपराधियों का हैरान करने वाला ऑफर; युवकों को भेजते थे हॉट महिलाओं की तस्वीर
13-Feb-2026 10:11 PM
By First Bihar
MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले में सड़क सुरक्षा, भूमि विवाद के मामलों के त्वरित निष्पादन, महाशिवरात्रि पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन तथा शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समाहरणालय सभाकक्ष में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कांतेश कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से की। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और सभी संबंधित मामलों में समन्वित एवं परिणामोन्मुख कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर, ब्लैक स्पॉट चिन्हित
-----------------------
बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस उपायों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि विभिन्न सड़कों पर दुर्घटना संभावित कई ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने ट्रैफिक डीएसपी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को संयुक्त रूप से इन स्थलों का निरीक्षण करने तथा आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेजने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता अनुसार स्पीड ब्रेकर, डिवाइडर, रिफ्लेक्टर युक्त साइनेज, हाई मास्ट लाइट, फुट ओवर ब्रिज आदि का निर्माण कराया जाए ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। विशेष रूप से सड़कों के किनारे स्थित स्कूलों एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों के निकट सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर त्वरित कार्रवाई करने पर बल दिया गया।
बैठक में हिट एंड रन मामलों की भी थानावार समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को सभी थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर लंबित मामलों की समीक्षा करने तथा प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी एवं पश्चिमी को इस कार्य की नियमित फॉलोअप करने का निर्देश दिया गया। यातायात नियमों के पालन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव संबंधी जागरूकता एवं नशा मुक्ति केंद्र को कार्यरत रखने पर बल
---------------------
बैठक में मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने हेतु अभियान चलाने का निर्देश दिया। सदर अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र के संचालन की समीक्षा करते हुए उसे नियमित रूप से कार्यरत रखने तथा वहां आने वाले लाभार्थियों को नियमानुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
महाशिवरात्रि को लेकर व्यापक तैयारी
-----------------------
आगामी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्तादेश जारी कर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। महाशिवरात्रि के दिन बाबा गरीब नाथ मंदिर सहित जिले के विभिन्न शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है तथा कई स्थानों पर जुलूस निकाले जाते हैं। बैठक में बताया गया कि दोनों अनुमंडलों में कुल 27 जुलूस प्रस्तावित हैं। जिलाधिकारी ने थाना स्तर पर जुलूसों की समीक्षा करने तथा प्रत्येक जुलूस की पूर्व अनुमति, रूट चार्ट एवं समय-सीमा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई व्यक्ति या समिति डीजे का उपयोग करती पाई जाती है तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित स्थल पर समय से उपस्थित रहने तथा विधि-व्यवस्था पर सतत नजर रखने का निर्देश दिया गया। महाशिवरात्रि के अवसर पर लगने वाले मेले, झांकियां, जुलूस एवं मौत का कुआं जैसे आयोजनों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। आवश्यकता अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सतत मॉनिटरिंग करने को कहा गया। जुलूसों की प्रभावी निगरानी करते हुए शरारती एवं असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति में तत्काल कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। प्रशासन द्वारा साइबर मॉनिटरिंग को सुदृढ़ करने का भी निर्देश दिया गया। जलाशयों के समीप होने वाले आयोजनों को देखते हुए अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) को आवश्यकतानुसार नाव एवं गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
भूमि विवाद मामलों के त्वरित निपटारे के निर्देश
----------------------
भूमि विवाद से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे मामलों के समयबद्ध निष्पादन के लिए प्रत्येक शनिवार को थानाध्यक्ष अपने संबंधित अंचल कार्यालय में जाकर संयुक्त सुनवाई सुनिश्चित करें। प्राप्त आवेदनों की गृह विभाग के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से प्रविष्टि करने तथा माहवार रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया। सभी थानाध्यक्षों को भूमि विवाद से संबंधित मामलों में नियमित एंट्री कराने एवं उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा गया। साथ ही सभी अधिकारियों को सोमवार एवं शुक्रवार को अपने-अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जनता दरबार के माध्यम से आम लोगों की शिकायतों की सुनवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
होली के मद्देनजर शराबबंदी कानून पर सख्ती
-----------------------
आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग एवं मद्य निषेध विभाग को संयुक्त रूप से सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। अवैध शराब की जब्ती, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा जब्त शराब का विधिसम्मत विनष्टीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीमावर्ती क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
समन्वित कार्रवाई पर बल
-----------------------
बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ दायित्व निर्वहन करने तथा प्रत्येक क्षेत्र में परिणाम आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना है।