Bihar Politics: आरजेडी सांसद मनोज झा ने सारण और तिरहुत से नवनिर्वाचित निर्दलीय विधान पार्षद (MLC) राहुल राज और बंशीधर बृजवासी की सदस्यता पर सवाल खड़े करते हुए उन्हें अयोग्य घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोनों नवनिर्वाचित MLC ने निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है, जो संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन है।
मनोज झा ने संविधान की दसवीं अनुसूची के पैरा 2(2) का हवाला देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतता है और उसके बाद किसी राजनीतिक दल में शामिल होता है, तो उसे अयोग्य घोषित किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक निर्दलीय सदस्य सदन में किसी भी राजनीतिक दल को समर्थन दे सकता है, लेकिन वह किसी दल की सदस्यता ग्रहण नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि मैं विधान परिषद के सभापति से अनुशंसा करूंगा कि राहुल राज और बंशीधर बृजवासी को अयोग्य घोषित किया जाए और उन्हें किसी भी विधानमंडल दल का सदस्य बनने की अनुमति नहीं दी जाए।
मनोज झा ने दोनों MLC पर संवैधानिक नियमों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले उनके बयान कुछ और थे और अब वे अलग-अलग बातें कह रहे हैं। उन्होंने तस्वीर दिखाते हुए दावा किया कि दोनों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है, जबकि अब इससे इनकार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री और विधान परिषद के सभापति इस मामले में जल्द निर्णय नहीं लेते हैं, तो आरजेडी आगे चुनाव आयोग और न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। मनोज झा ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोनों MLC को अयोग्य घोषित नहीं किया गया, तो जनता की अदालत में ऐसा भूचाल आएगा, जिसे संभालना मुश्किल होगा।
रिपोर्ट- साहिल कुमार, पटना





