Bihar Politics: केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को जनता दल यूनाइटेड (JDU) की कमान सौंपे जाने की चर्चा पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे स्वाभाविक और बड़ी राजनीतिक घोषणा बताया।
नित्यानंद राय ने कहा कि जब जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने इसकी घोषणा की है, तो यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है और इस घोषणा में दम है। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार अपने पिता नीतीश कुमार के नक्शेकदम पर चल रहे हैं और बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। पार्टी भी उनकी ओर देख रही है। ऐसे में यह अपने आप में एक बड़ी बात है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से कांग्रेस को 26 सीटें दिए जाने के सवाल पर नित्यानंद राय ने कहा कि कांग्रेस अब समाप्त हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ही प्रमुख पार्टी है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच गठबंधन होने से भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
नित्यानंद राय ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने देखा है कि सपा के शासनकाल में कारसेवकों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनेगी।
पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन को लेकर नित्यानंद राय ने कहा कि दोनों दलों के बीच पहले भी पुराना गठबंधन रहा है और अब एक बार फिर साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन का मुख्य उद्देश्य पंजाब को नशामुक्त बनाना है। पंजाब की जनता ने इस बार नशे के खिलाफ बदलाव का मन बना लिया है और गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार नशे के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं और सरकार भी इस दिशा में काम कर रही है।
नित्यानंद राय ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा एक बड़ी साजिश है और युवाओं को इसमें नहीं फंसना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश में नक्सलवाद और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उसी तरह नशे के खिलाफ चल रही साजिश को भी समाप्त किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों से पंजाब को नशामुक्त बनाने की दिशा में सफलता मिलेगी।





