Bihar Politics: जनता दल (यूनाइटेड) यानी जदयू बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए बड़ा अभियान चलाने जा रहा है। इसके तहत 24 नवंबर को राज्य के सभी जिलों में ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी नीतीश कुमार के शासनकाल में हुए विकास कार्यों और सरकार की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की मौजूदगी में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी जिलों के कार्यक्रम प्रभारी, जिलाध्यक्ष और विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने तैयारियों की समीक्षा की और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने 20 वर्षों में वह काम कर दिखाया, जो पिछले एक हजार वर्षों में नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में जब नीतीश कुमार ने बिहार की बागडोर संभाली, तब बिहार और बिहारियों के प्रति देश की धारणा बदलने की शुरुआत हुई।
संजय झा के मुताबिक, नीतीश कुमार के दूरदर्शी विजन और विकासोन्मुखी नीतियों ने राज्य की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ के माध्यम से इन्हीं उपलब्धियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
इस कार्यक्रम के तहत जदयू विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेगा। योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों के अनुभवों को वीडियो संदेश के माध्यम से साझा किया जाएगा, ताकि आम जनता तक सरकार के कामकाज और योजनाओं के प्रभाव की जानकारी पहुंचाई जा सके। पार्टी का उद्देश्य लाभार्थियों के अनुभवों के जरिए विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों को लोगों के सामने रखना है।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की तैयारियां तीन चरणों में पूरी की जाएंगी। पहला चरण 17 से 19 नवंबर तक होगा, जिसमें पंचायत और वार्ड स्तर पर ‘सुशासन नीतीश परिचर्चा’ आयोजित की जाएगी। दूसरे चरण में 20 से 22 नवंबर तक प्रखंड और सेक्टर स्तर पर तैयारी बैठकें होंगी। तीसरे चरण 24 नवंबर को राज्य के सभी जिलों में ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।





