Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों काफी चर्चा में है। 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा में होने वाली इस शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। हालांकि, शादी के भव्य आयोजन के साथ-साथ परिवार की ओर से दिए जाने वाले महंगे उपहार भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। चर्चा है कि अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब ढाई करोड़ रुपये की लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट करेंगे। वहीं, छोटे बेटे अभिनव को BMW देने की तैयारी है।
जानकारी के मुताबिक, शिवांगी सिंह की शादी ऋषिकेश कुमार से होने जा रही है। ऋषिकेश अमेरिका में नौकरी करते हैं। शादी के मौके पर अनंत सिंह उन्हें लैंड रोवर डिफेंडर जैसी महंगी लग्जरी SUV भेंट करने वाले हैं। इस गाड़ी की कीमत वेरिएंट के अनुसार करीब ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है।
लैंड रोवर डिफेंडर अपनी दमदार बनावट, शानदार ऑफ-रोड क्षमता और लग्जरी फीचर्स के लिए जानी जाती है। इसमें 4x4 ड्राइव सिस्टम, आधुनिक सुरक्षा तकनीक और प्रीमियम इंटीरियर जैसे फीचर्स मिलते हैं। ऐसे में दामाद को मिलने वाला यह खास उपहार शादी के सबसे चर्चित आकर्षणों में शामिल हो गया है।
अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद के साथ-साथ छोटे बेटे अभिनव के लिए भी खास तोहफा तैयार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि अभिनव को BMW गिफ्ट की जाएगी। इसी आयोजन के दौरान उनका जनेऊ संस्कार भी होना है। ऐसे में परिवार में बेटी की शादी और बेटे के जनेऊ संस्कार को लेकर दोहरी खुशी का माहौल है।
शादी समारोह में महंगी गाड़ियों के उपहार के अलावा कई अन्य आकर्षण भी होंगे। आयोजन के दौरान घुड़दौड़ प्रतियोगिता कराने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि प्रतियोगिता में जीतने वाले को थार गाड़ी दी जाएगी, जबकि उपविजेता को बाइक इनाम में मिलेगी। इस आयोजन से शादी के जश्न में खेल और रोमांच का रंग भी देखने को मिलेगा।
शिवांगी की शादी को यादगार बनाने के लिए लदमा गांव में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। समारोह के लिए करीब 10 बीघा जमीन पर विशाल पंडाल बनाया जा रहा है। जयमाला के लिए 30 फीट ऊंचा स्टेज तैयार किया जाएगा। पंडाल की सजावट में विदेशी फूलों का इस्तेमाल होने की बात कही जा रही है। टेंट लगाने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के मऊ से आए कारीगरों को दी गई है।
शादी में मेहमानों के खानपान के लिए भी खास इंतजाम किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। मेहमानों के लिए 150 तरह के व्यंजन तैयार किए जाएंगे। मेन्यू में बिहार के पारंपरिक पकवानों के साथ दूसरे राज्यों के मशहूर व्यंजन भी शामिल होंगे। काजू कतली और सिलाव का खाजा भी मेहमानों को परोसे जाने की तैयारी है।
शादी समारोह में राजनीति, सिनेमा और मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियों को आमंत्रित किए जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि अभिनेता सोनू सूद, भोजपुरी स्टार पवन सिंह, अक्षरा सिंह, आम्रपाली दुबे, सांसद रवि किशन, मनोज तिवारी और गायक उदित नारायण को निमंत्रण भेजा जा रहा है।
इसके अलावा दुबई से छह मॉडलों को बुलाए जाने की भी चर्चा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री समेत कई बड़े राजनीतिक नेताओं को भी शादी का निमंत्रण भेजे जाने की बात सामने आई है। कुल मिलाकर अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी अपने भव्य आयोजन, महंगे उपहारों और खास मेहमानों की वजह से सुर्खियों में है।
रिपोर्ट- साहिल कुमार, पटना





