Road Accident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिवाली के दूसरे दिन आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। मोहान रोड स्थित जीरो प्वाइंट के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में करीब 15 यात्रियों के घायल होने की सूचना है, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बस राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के छपरा (सारण) जा रही थी। बस में करीब 40 से 60 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि भोर के समय मोहान जीरो प्वाइंट के पास अचानक बस चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस एक्सप्रेसवे से नीचे पलट गई। हादसे के वक्त बस में कई बच्चे और अन्य यात्री भी मौजूद थे।
बस पलटने के बाद कई यात्री उसके अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पारा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए उसकी बॉडी काटनी पड़ी। रेस्क्यू ऑपरेशन में जेसीबी की भी मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद करीब 15 यात्रियों को बाहर निकाला गया।
इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में एक यात्री की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और बचाव दल की मौजूदगी में राहत कार्य किया गया। दुर्घटना के कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।





