Bihar TRE 4: TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा के पैटर्न को लेकर अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। छात्रों की मांग है कि जिस तरह TRE-1, TRE-2 और TRE-3 की परीक्षा कराई गई थी, उसी पैटर्न पर TRE-4 की परीक्षा भी आयोजित की जाए। अभ्यर्थियों का कहना है कि अगर परीक्षा में PT और MAINS का नया प्रयोग करना है तो इसे TRE-5 से लागू किया जाए। इस पूरे मामले पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने विभाग की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट की है।
दरअसल, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी दो दिवसीय गोपालगंज दौरे पर थे। इसी दौरान TRE-4 परीक्षा के पैटर्न को लेकर अभ्यर्थियों की मांग और PT-MAINS व्यवस्था से जुड़े सवाल पर शिक्षा मंत्री से सवाल किया गया। अभ्यर्थियों का कहना है कि TRE-1, TRE-2 और TRE-3 की तरह ही TRE-4 की परीक्षा भी आयोजित की जानी चाहिए। छात्रों का तर्क है कि अगर PT और MAINS जैसी नई व्यवस्था लागू करनी है या परीक्षा को लेकर किसी तरह का नया प्रयोग करना है, तो उसे TRE-5 से लागू किया जाए।
इस पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि परीक्षा का पैटर्न तय करना शिक्षा विभाग के अधिकार क्षेत्र का विषय नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा विभाग इस प्रक्रिया में केवल अधियाची विभाग की भूमिका में है।शिक्षा मंत्री ने बताया कि विभाग की ओर से जो अधियाचना भेजी जानी थी, वह भेज दी गई है। अब परीक्षा आयोजित करने और परिणाम जारी होने के बाद शिक्षा विभाग की भूमिका नियुक्ति पत्र जारी करने की होगी।
यानी TRE-4 परीक्षा किस पैटर्न पर होगी, PT और MAINS होगा या नहीं, इस फैसले में शिक्षा विभाग की सीधी भूमिका नहीं है। शिक्षा मंत्री ने साफ किया कि विभाग को जो जिम्मेदारी दी गई है, उसके तहत अधियाचना भेजने का काम पूरा कर दिया गया है और रिजल्ट मिलने के बाद नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज





