1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Wed, 11 Feb 2026 07:50:09 PM IST
सरकार के फैसले पर सवाल! - फ़ोटो Bihar Vidhan Parishad TV
Bihar Vidhan Sabha: बिहार विधानसभा में आज पथ निर्माण विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल ने एक अजीब ऐलान किया। उन्होंने सदन को बताया कि वैसी सड़कें जिनका लेबल घरों से ऊपर हो गया है, उन्हें तोड़कर फिर से लेबल पर लाया जाएगा। अब सवाल उठ रहा है कि जब सड़कों का निर्माण हुआ था, तब इसपर ध्यान क्यों नहीं दिया गया?
दरअसल, बिहार विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान सदस्यों ने ऐसी सड़कों के निर्माण पर सुझाव दिया, जिनका लेबल घरों से ऊंचा है। सड़कों की ऊंचाई घरों से अधिक होने के कारण बरसात के दिनों में जल जमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इस पर सरकार की तरफ से पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल ने जो बात कही, वह हैरान करने वाली थी।
उन्होंने सदन में कहा कि पथ निर्माण विभाग के पथों में प्रश्नगत त्रुटियों का निराकरण ओपीआरएमएस फेज तीन के अधीन किया गया है। उन्होंने कहा का सदस्यों का जो सुझाव है उसे गंभीरता से लेते हुए एक प्रावधान किया गया है कि ऐसी सड़कें जिनकी ऊंचाई बढ़ने के चलते मोहल्ले में बरसात का पानी जमा हो जाता है, तो उसको ओपीआरएमएस फेज तीन में पूरी सड़क को उखाड़ कर और पहला सतह देंगे, जिससे वहां पर पानी जमा नहीं हो।
सरकार के इस फैसले को जनता की गाढ़ी कमाई की बर्बादी बताया जा रहा हैं। कहा जा रहा है कि सरकार की लापरवाही का खामियाजा राज्य की गरीब जनता को भुगतना पड़ रहा है। पहले करोड़ों रूपए लगाकर सड़क का निर्माण कराया गया और अब उसी सड़क को लाखों रूपए खर्च कर तुड़वाया जाएगा और फिर से करोडों रुपए लगाकर सड़क का लेबल मिलाया जाएगा। अगर पहले ही सड़क निर्माण के दौरान इस बात का ख्याल रखा गया होता तो जनता की गाढ़ी कमाई बर्बाद नहीं होती।