Hindi News / news / रेलवे क्वार्टर में चोरी करते रंगे-हाथों पकड़ाया बदमाश, रेलकर्मी की पत्नी को मारी...

रेलवे क्वार्टर में चोरी करते रंगे-हाथों पकड़ाया बदमाश, रेलकर्मी की पत्नी को मारी गोली; जानिए क्या है पूरा मामला

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Oct 20, 2023, 11:14:58 AM

रेलवे क्वार्टर में चोरी करते रंगे-हाथों पकड़ाया बदमाश, रेलकर्मी की पत्नी को मारी गोली; जानिए क्या है पूरा मामला

- फ़ोटो

रेलवे क्वार्टर जमालपुर में शुक्रवार की सुबह बदमाशों ने रेलकर्मी की पत्नी को गोली मार दी। महिला को गंभीर हालत में मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने रेलवे क्वार्टर में चोरी करने की नीयत से प्रवेश किया था। महिला ने रोका तो चोर ने महिला को गोली मार दी।उसके बाद इलाके में अफरा - तफरी का माहौल कायम हो गया। 


दरअसल, आदर्श थाना क्षेत्र के रेल क्वार्टर दौलतपुर (जमालपुर) नंबर 753 ए रहने वाले रेलकर्मी आलोक रंजन की 34 वर्षीय पत्नी कुमारी सीमा को अपराधियों ने गोली मार दी है। जब रेल कर्मी की पत्नी अपने क्वार्टर में अकेली थी, तब घटना को अंजाम दिया गया। दो चोर चोरी के लिए क्वार्टर में घुसे और गोदरेज का ताला तोड़कर नगदी जेवर एवं कीमती सामान लेकर जाने लगे। इसी दौरान रेलकर्मी की पत्नी ने चोरों को चोरी करते हुए देख लिया। उसके बाद महिला ने एक चोर को दबोच लिया और शोर मचाने लगी।


वहीं, दूसरे चोर ने अपने साथी को छुड़ाने के लिए रेलकर्मी के पत्नी के पेट में गोली मार दी। गोली मारने के बाद रेलकर्मी की पत्नी जमीन पर गिर गईं, जिसका फायदा उठाकर दोनों चोर फरार हो गए। रेलकर्मी की पत्नी ने अपने पति आलोक रंजन को इस बात की जानकारी दी। इसके साथ ही पुलिस को 112 नंबर डायल कर घटना से अवगत कराया। रेलकर्मी अपने निजी काम से जमशेदपुर में है। घटना के बारे में सुनकर वापस लौट रहे हैं।


उधर, खून से लथपथ रेलकर्मी की पत्नी को पुलिस ने पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ईस्ट कॉलोनी जमालपुर में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सक ने उन्हें प्राथमिक उपचार करने के बाद मुंगेर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि रेलकर्मी की पत्नी खुद दारोगा बनने की तैयारी कर रहीं हैं। चोरी की घटना को अंजाम देने वाला शातिर चोर मास्क लगाए हुए थे।