पटना में दुकान से लौट रहे युवक का अपहरण, बदमाशों ने परिजनों से मांगी इतनी फिरौती

1st Bihar Published by: BADAL ROHAN Updated Jun 25, 2024, 10:30:55 AM

पटना में दुकान से लौट रहे युवक का अपहरण, बदमाशों ने परिजनों से मांगी इतनी फिरौती

- फ़ोटो

PATNA: सुशासन की सरकार में पटना पुलिस अपराध पर नियंत्रण करने की बात करती है लेकिन अपराध का ग्राफ है कि लगातार बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामला पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र के जमुनापुर इलाके का है, जहां बदमाशों ने दुकान से घर लौट रहे 28 वर्षीय युवक को अगवा कर लिया है।


मुरारी शर्मा के 28 वर्षीय बेटे नीरज कुमार के अचानक गायब होने के बाद बदमाशों ने नीरज के पिता के मोबाइल पर फोन कर उनके बेटे का अपहरण कर लिए जाने की जानकारी दी और फिरौती के तौर पर डेढ़ लाख रुपए की डिमांड कर दी है। इसके बाद पूरे परिवार में हड़कंप मच गया है और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर अपहरण का मामला दर्ज कराया है। थाने में केस दर्ज होने के बाद पुलिस अपहरण की गुत्थी सुलझाने में लग गई है। 


परिजन ने बताया कि नीरज सैलून की दुकान बंद कर रात्री में घर के लिए निकला था लेकिन सुबह होने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटा। उसके बाद परिजनों ने सभी जगह खोजबीन की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। नीरज के पिता के मोबाइल पर अगले दिन अपहरण किए जाने की और फिरौती के डेढ़ लाख नहीं देने पर अंजाम भुगतने की घमकी दी गई हालांकि पुलिस अपहरण और फिरौती का मामला संदिग्ध बता रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।