DESK: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहनकर आए एक शातिर चोर ने मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के स्मार्टफोन चोरी कर ली। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी से बचने के लिए उसने यह तरकीब अपनाया। अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने चोरी से पहले पीएम मोदी का मुखौटा पहन लिया।
5 लाख के स्मार्टफोन चोरी करने की घटना राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के करेड़ा कस्बे में चोरी की है। जो हैरान करने वाली है। जहां एक शातिर बदमाश ने सीसीटीवी से बचने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहनकर मोबाइल दुकान में चोरी करने पहुंच गया। आरोपी लाखों रुपये के स्मार्टफोन लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। जब बस स्टैंड के पास स्थित मातेश्वरी मोबाइल शॉप के मालिक लक्ष्मण सेन अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था, मोबाइल फोन के खाली डिब्बे फर्श पर पड़े थे और महंगे स्मार्टफोन गायब थे।
छत के रास्ते दुकान में घुसे चोर
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर मुख्य दरवाजे से नहीं, बल्कि छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए थे। उन्होंने सीढ़ियों के गेट का ताला काटा और दुकान में प्रवेश कर करीब 35 से 40 महंगे स्मार्टफोन चोरी कर लिए। चोरी गए मोबाइलों की कीमत करीब 4 से 5 लाख रुपये बताई जा रही है। दुकानदार लक्ष्मण सेन ने बताया कि दुकान के अंदर बिखरे सामान और खाली डिब्बों को देखकर उन्हें समझ आ गया कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्हें पता था कि किस सामान को निशाना बनाना है।
CCTV में कैद हुआ मुखौटाधारी चोर
घटना की सूचना मिलते ही करेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में एक व्यक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहने दुकान के आसपास घूमता और चोरी की वारदात को अंजाम देता दिखाई दे रहा है। मुखौटा पहने होने के कारण आरोपी की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
दूसरी मोबाइल दुकान को भी बनाया निशाना
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसी गिरोह ने उसी रात बीज गोदाम चौराहा स्थित सांवरिया मोबाइल नामक दुकान में भी चोरी की कोशिश की थी। हालांकि किसी कारणवश चोर वहां वारदात को अंजाम नहीं दे सका। इस दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी वही मुखौटाधारी व्यक्ति नजर आया है। इससे पुलिस को शक है कि यह किसी पेशेवर गिरोह का काम हो सकता है, जिसने पहले इलाके की रेकी की और फिर रात में चोरी की योजना बनाई।
कारोबारियों में दहशत का माहौल
मुख्य बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस बड़ी चोरी के बाद स्थानीय व्यापारियों में डर का माहौल है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि रात में पर्याप्त पुलिस गश्त नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
करेड़ा थाना अधिकारी पूरणमल मीणा के नेतृत्व में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कितने लोग शामिल थे और क्या इस गिरोह का संबंध क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से भी है? फिलहाल पुलिस मुखौटे के पीछे छिपे आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।





