पटना कॉलेज में भारी बवाल, छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट, बमबाजी की भी खबर

1st Bihar Published by: Updated Jan 09, 2023, 6:46:00 PM

पटना कॉलेज में भारी बवाल, छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट, बमबाजी की भी खबर

- फ़ोटो

PATNA: राजधानी पटना स्थित पटना कॉलेज के स्थापना दिवस समारोह के दौरान भारी बवाल हुआ है। छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट के बाद जमकर पत्थरबाजी हुई है। इसके साथ ही छात्रों द्वारा बमबाजी करने की भी खबर आ रही है। इस दौरान पटना कॉलेज का कैंपस काफी देर तक रण क्षेत्र में तब्दील रहा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पीरबहोर थाने की पुलिस ने हालात को काबू में किया।


बताया जा रहा है कि पटना कॉलेज के कैंपस में आपसी वर्चस्व को लेकर मिंटो और जैक्शन हॉस्टल के छात्र आपस में भीड़ गए और दोनों गुटों के बीच मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते कॉलेज कैंपस रणक्षेत्र में बदल गया। इस दौरान दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई। बताया जा रहा है कि छात्रों के द्वारा बमबाजी की वारदात को भी अंजाम दिया गया है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं की जा रही है।


इस घटना में कुछ छात्रों के घायल होने की भी खबर है। मौके पर पहुंचे डीएसपी अशोक सिंह ने बताया कि छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट और पत्थरबाजी की घटना हुई है हालांकि उन्होंने बमबाजी की घटना से सीधे तौर पर इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि मारपीट की घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हालात पर काबू कर लिया है। कॉलेज में पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है।