1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 19, 2024, 1:01:58 PM
- फ़ोटो
PATNA : बिहार के चार लोकसभा सीटों पर लोकतंत्र का उत्सव मनाया जा रहा है। भीषण गर्मी के बावजूद लोग मतदान करने पहुंच रहे हैं। हालांकि दोपहर शुरू होते ही भीषण गर्मी के कारण पोलिंग बूथों पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला कम हुआ है। आज गया, नवादा, जमुई और औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्रों के 76 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर रहे है। ऐसे में अब इन चारों सीटों को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि हम सभी सीटों पर जीत हासिल करेंगे।
तेजस्वी यादव ने कहा कि हमलोग चारों सीट जीत रहे हैं। हमें जो फीडबैक मिला है, उसके अनुसार लोग काफी बढ़ -चढ़कर लोग वोट दे रहे हैं। वर्तमान सरकार को लेकर लोगों में काफी नराजगी है और लोग गुस्से में हैं। इसमें कहीं कोई शक नहीं है कि पहले चरण की सभी चारों सीटों पर बड़े ही मजबूती के साथ हम जीत हासिल करेंगे। जनता अब भाजपा पर भरोसा नहीं कर रही है।
वहीं, भाजपा के दावों पर तेजस्वी यादव ने कहा कि उनके दावों में कहीं कोई विश्वास नहीं है। वे लोग बिहार विधानसभा के चुनाव में भी ऐसी ही बातें कह रहे थे। लेकिन रिजल्ट क्या आया, यह पूरे बिहार की जनता जानती है। हमने पहले भी कहा है और फिर से कह रहा हूं कि बिहार इस बार चौंकाने वाला रिजल्ट देगा।
उधर, चिराग पासवान की मां को गाली देने से जुड़े सवाल पर तेजस्वी यादव ने चुप्पी साध ली है। तेजस्वी ने इस सवाल को यह कहते हुए टाल दिया कि यदि आपको कोई दूसरा सवाल करना है तो करें मुझे इस बारे में कुछ नहीं कहना है। आप लोग एजेंडा से जुड़ा सवाल करें। यह कहकर तेजस्वी ने इस सवाल पर सीधे चुप्पी साध ली।