1st Bihar Published by: Jitendra Kumar Updated Dec 19, 2020, 9:50:29 AM
- फ़ोटो
BEGUSARAI : बेगूसराय के बरौनी एनटीपीसी एक्सटेंशन प्रोजेक्ट स्टेज-दो में काम कर रहे एक मजदूर की मौत करंट लगने से हो गई. घटना के बाद साथी मजदूर उसे इलाज के लिए बेगूसराय के निजी अस्पताल ले गए, जहां मृत घोषित कर दिया गया. मृतक की पहचान सिमरिया पंचायत-दो के कसहा निवासी रंजीत कुमार उर्फ कारी के रूप में की गई है. मृतक एसआर इलेक्ट्रीकल्स कंपनी में कार्यरत था.
घटना के संबंध में मृतक के साथियों ने बताया कि रंजीत प्रेशर मशीन में सफाई कर रहे थे. इसी दौरान उसका दाहिना हाथ करंट प्रवाहित इलेक्ट्रिकल पैनल की चपेट में आ गया जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. इसके बाद ग्रामीण एवं मजदूरों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को एक्सटेंशन प्रोजेक्ट के मुख्य द्वार पर रखकर बवाल काटा.
बरौनी थर्मल पावर कर्मचारी यूनियन के महासचिव प्रह्लाद सिंह ने बताया कि मृतक को उचित मुआवजा और उनकी पत्नी को कारखाना में नौकरी समेत अन्य मांग को लेकर एनटीपीसी प्रबंधन से लिखित समझौता होने के बाद शव को हटाया जाएगा. इस संबंध में मानव संसाधन अधिकारी दिनकर शर्मा ने बताया कि नियमानुसार कंपनी द्वारा मृतक के परिजनों को सभी सहायता मुहैया कराई जाएगी. इस संबंध में कंपनी, यूनियन एवं मृतक के परिजनों से बातचीत कर शव को वहां से हटाया गया.