1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 07, 2024, 3:17:32 PM
- फ़ोटो
GARHWA: झारखंड पुलिस ने गढ़वा के सात हार्डकोर नक्सलियों पर 47 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। आतंक का पर्याय बन चुके सात नक्सलियों पर इनाम की घोषणा करने के बाद पुलिस ने शहर में इनका पोस्टर लगाकर आम लोगों से इनकी गिरफ्तारी में मदद करने की अपील की है।
पुलिस ने ये पोस्टर भंडरिया के इंदिरा गांधी चौक समेत अन्य जगहों पर लगाए हैं। इन पोस्टर में नक्सलियों की तस्वीरों के साथ उनके नाम और उनके बारे में जानकारी लिखा गया है। पोस्टर में लिखा गया है कि ये खतरनाक नक्सली है, जो हिंसा के कई मामलों में सरकार द्वारा वांछित हैं। अगर इसके बारे में किसी तरह की कोई सूचना हो तो उसकी जानकारी दें। सूचना देने वाले को पुरस्कृत किया जाएगा और उनकी पहचान को गोपनीय रखा जाएगा।
पुलिस ने नक्सली कुंदन खरवार पर 10 लाख रुपये के इनाम का ऐलान किया है। वहीं जेजेएमपी कमांडर टुनेश उरांव और बिहार के मनीष यादव पर 5 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। वहीं गढ़वा के राजू भुइयां पर दो लाख, लातेहार के छोटू सिंह पर 15 लाख, उज्ज्वल उर्फ मनीष पर 5 लाख और मृत्युंजय भुइयां पर 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा किया गया है।