1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 04, 2023, 10:52:59 AM
- फ़ोटो
GAYA : बाबा बागेश्वर धाम धीरेंद्र शास्त्री राजधानी पटना के नौबतपुर के तरेत पाली मठ में 13 से 17 मई तक हनुमत कथा कहेंगे। वहीं, उनके आगमन को लेकर बिहार की सियासत काफी गर्म है। विपक्षी दलों के तरफ से इनके आगमन को लेकर खुशियां मनाई जा रही है तो वहीं बिहार की सत्ता में सहयोगी पार्टी राजद के तरफ से हर रोज इनको लेकर अलग- अलग बयान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में अब सरकार में कृषि मंत्री के पद पर काबिज कुमार सर्वजीत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि, हम किसी बागेश्वर बाबा को नहीं जानते, कौन है वो बाबा ...
दरअसल, गया में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे बिहार सरकार के कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने कहा कि, कौन है बागेश्वर बाबा हम नहीं जानते हैं उसको ? हम सिर्फ हिंदुस्तान के गरीब किसान को पहचानते हैं, बागेश्वर बाबा को नहीं जानते। कृषि मंत्री ने कहा कि वह देश के गरीब और किसानों को पहचानते हैं। वो उनको पहचानते हैं, जो गरीब और किसानों के लिए काम करते हैं, देश के लिए काम करते हैं, उसे पहचानते हैं।
इसके आगे उन्होंने कहा कि, देश की आजादी की लड़ाई जब चल रही थी तो हिंदू-मुस्लिम, सिख, इसाई सब मिलकर लड़े। उस समय देश की खूबसूरती दिखी, लेकिन आज धर्म के नाम पर राजनीति की जा रही है। यह एक तरह से चेतावनी है। हम नौजवानों से आग्रह करते हैं कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले देश का विकास नहीं कर सकते।
इसके आलावा उन्होंने कहा कि, कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने कहा कि हम पूरे देश के लिए सोचते हैं। दंगा-विवाद कराने और बांटने वाले देश हित का काम नहीं कर सकते। कृषि मंत्री ने कहा, कि दंगा विवाद की बात करने वाले राजनीतिक दलों पर बैन लगना चाहिए।
आपको बताते चलें कि, बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र शास्त्री का आगामी 13 मई को पटना आगमन हो रहा है। जिसे लेकर सरकार के मंत्री और विधायक तरह-तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। अब बिहार के कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने भी बागेश्वर बाबा को लेकर अनोखा बयान दिया है। उन्होंने तो साफ कह दिया कि वो बाबा बागेश्वर को जानते ही नहीं।