Hindi News / news / जानलेवा बनी बिहार की गर्मी, हीट वेव से 2 और लोगों की मौत...

जानलेवा बनी बिहार की गर्मी, हीट वेव से 2 और लोगों की मौत

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 17, 2024, 8:26:05 PM

जानलेवा बनी बिहार की गर्मी, हीट वेव से 2 और लोगों की मौत

- फ़ोटो

BANKA/ BHABHUA: बिहार में लोग भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान हैं। अब यह जानलेवा हो गई है। हीट वेव की वजह से आए दिन लोगों की जान जा रही है। बांका के शंभूगंज निवासी और एसएसपीएस महाविद्यालय के प्रोफ़ेसर 55 वर्षीय बिपिन कुमार सिंह की लू लगने की वजह से मौत हो गयी है। वही कैमूर में शादी-विवाह में खाना बनाकर घर लौट रहे हलवाई की लू लगने से मौत हो गयी है। इस घटना से मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 


मृतक प्रोफेसर बिपिन कुमार सिंह के परिजनों ने बताया कि 3 दिन पहले वो कॉलेज गये थे तभी इसी दौरान उन्हें लू लग गया। अचानक तबीयत बिगड़ गयी जिसके बाद उन्हें भागलपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। वही कैमूर की घटना की बात करें तो शादी विवाह में खाना बनाकर वापस घर लौट रहे हलवाई की भी लू लगने से मौत हो गयी। बता दें कि कैमूर जिले में पारा 48 डिग्री चला गया है। हीट वेव से लोग झुलस रहे हैं। इसी बीच एक हलवाई की लू लगने से मौत हो गई है। 


मृतक शादी विवाह के अवसर पर खाना बनाने के लिए कुदरा थाना क्षेत्र के बजरहा गया था। जहां से वापस अपने बाइक पर खाना बनाने का सामान बांध कर लौट रहा था और वह रामगढ़ थाना क्षेत्र के बिंदपूरवा जा रहा था। तभी सहेजना मोड़ के पास उसकी तबीयत खराब होने लगी। वह गाड़ी रोक कर उधर से गुजर रहे कुछ लोगों से पानी मांगा। इसके बाद लोगों ने पहचान करते हुए उसके परिजनों को जानकारी दी। जब तक परीजन पहुंचते तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। 


घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा। मृतक की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के बिंदपुरवा गांव के स्वर्गीय दुखी बिंद के 37 वर्षीय पुत्र कमलेश बिंद के रूप में हुई है। मृतक के भाई रमेश कुमार ने बताया कि कमलेश बिंद हलवाई का काम करता था। कुदरा थाना क्षेत्र के बजरहा में शादी समारोह से खाना बनाकर वापस घर लौट रहा था। उसकी गाड़ी पर कढ़ाई, छोलनी लदा हुआ था। तभी लू लगने से सहेजना मोड़ के पास वो गिर गया और गिरते ही उसकी मौत हो गई।