Hindi News / news / अपराधियों ने महिला मुखिया के पति को बम से उड़ाया, मौत से नाराज...

अपराधियों ने महिला मुखिया के पति को बम से उड़ाया, मौत से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस को खदेड़ा

1st Bihar Published by: Dhiraj Kumar Singh Updated Jun 30, 2020, 9:09:32 AM

अपराधियों ने महिला मुखिया के पति को बम से उड़ाया, मौत से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस को खदेड़ा

- फ़ोटो

JAMUI: इस वक्त की बड़ी खबर जमुई से आ रही है. यहां पर अपराधियों ने एक महिला मुखिया के पति की हत्या कर दी. अपराधियों ने बम फेंककर इस घटना को अंजाम दिया है. यह घटना अलीगंज थाना के कोदवरिया का है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन हत्या से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस को भगा दिया.

बताया जा रहा है कि मृतक अपने नए भवन निर्माण कार्य को देखने के लिए भलुआना बहियार  की ओर जा रहे थे. तभी पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन पर बम से हमला कर दिया. जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं घटना की जानकारी के बाद चंद्रदीप थाने के पुलिस मौके पर पहुंची जिसे आक्रोशित लोगों ने खदेड़कर भगा दिया.

हालांकि जानकारी के बाद सदर एसडीपीओ रामपुकार सिंह अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर पूरे मामले की जांच में जुट गई है. बता दें कि मृतक के खिलाफ चंद्रदीप सिकंदरा सहित कई थानों में दर्जनों से अधिक अपराधिक मामले दर्ज हैं. परिजनों ने बताया कि तीन बार पहले भी मृतक के ऊपर जानलेवा हमला हुआ था जिसमें बाल बाल बच गया था. मृतक कोदवरिया पंचायत की महिला मुखिया पारो देवी के पति राजेश यादव उर्फ गुर्जर यादव था.